A
  1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. मुर्शिदाबाद: भरतपुर से TMC विधायक के बगावती तेवर, कहा- '15 दिन में बात नहीं बनी तो बना सकते हैं नई पार्टी'

मुर्शिदाबाद: भरतपुर से TMC विधायक के बगावती तेवर, कहा- '15 दिन में बात नहीं बनी तो बना सकते हैं नई पार्टी'

टीएमसी विधायक हुमायूं कबीर का कहना है कि उनकी ही पार्टी के कई नेता विकास कार्यों में बाधा बनते हैं। उन्होंने कहा है कि अगर 15 दिन में चीजें ठीक नहीं हुईं तो वह नई पार्टी बना सकते हैं।

Humayun kabir- India TV Hindi
Image Source : X/@HUMAYUNAITC टीएमसी विधायक हुमायूं कबीर

पश्चिम बंगाल की भरतपुर विधानसभा सीट से विधायक हुमायूं कबीर ने बगावती तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। पूर्व आईपीएस अधिकारी ने अपनी ही पार्टी को अल्टीमेटम देते हुए 15 दिन का समय दिया है। उनका कहना है कि अगर 15 दिन में पार्टी के अंदर सब कुछ ठीक नहीं हुआ तो वह नई पार्टी बना लेंगे। हुमायूं कबीर ने आरोप लगाए हैं कि पार्टी के ही कई नेता विकास कार्यों में बाधा डाल रहे हैं। उन्होंने कहा है कि यह सब कुछ दो सप्ताह के अंदर ठीक होना चाहिए।

मुर्शिदाबाद के भरतपुर से विधायक हुमायूं कबीर ने तृणमूल कांग्रेस को 15 अगस्त तक का समय दिया है। अगर इससे बात नहीं बनी तो हुमायूं कबीर दूसरी पार्टी बना सकते हैं। वह नई पार्टी बनाने की घोषणा 15 अगस्त के बाद कर सकते हैं।

अपूर्व सरकार पर लगाए आरोप

मुस्लिम समुदाय के बाहुबली विधायक हुमायूं कबीर की शिकायत है कि पार्टी के अपने नेता ही विकास कार्यों में रोड़ा अटका रहे हैं। उनका आरोप टीएमसी के जिला प्रेसिडेंट अपूर्व सरकार के खिलाफ है। हुमायूं कबीर का कहना है कि जिला विकास के काम के लिए 500 करोड़ से ज्यादा रुपए आया है, लेकिन उनके विधानसभा क्षेत्र भरतपुर में एक भी पैसा नहीं मिला! तृणमूल कांग्रेस के विधायक हुमायूं कबीर ने और भी आरोप लगाया है कि दुर्गा पूजा के दौरान सरकारी अनुदान राशि से पुल बनाने का कोई भी पैसा उनके इलाके में नहीं पहुंच रहा है।

15 अगस्त के बाद कर सकते हैं कार्यक्रम

पार्टी को कई बार सूचित करने के बावजूद कोई काम नहीं हुआ है। इसलिए वह 15 अगस्त के बाद मुर्शिदाबाद के लाखों लोगों को इकट्ठा करने और अगले कार्यक्रम की घोषणा करने की सोच रहे हैं। हालांकि, उनका यह भी कहना है ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी के ऊपर उनका पूरा भरोसा है। नई पार्टी बनाने की कोई नौबत वह आने नहीं देंगे।

बीजेपी नेता ने लगाए तुष्टिकरण के आरोप

बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राहुल सिन्हा का कहना है कि यह सिर्फ राजनीति है। ममता बनर्जी की पार्टी हुमायूं कबीर के खिलाफ कोई एक्शन क्यों नहीं ले रहे? वह एक मुस्लिम विधायक हैं, इसलिए उनको कुछ कहा नहीं जा रहा है।

यह भी पढे़ं-

आसनसोल के कई इलाकों में मंडराया पानी का संकट, दामोदर नदी पर पाइपलाइन को ले जाने वाला पुल ढहा

ECI ने बंगाल सरकार को लिखा पत्र, राज्य चुनाव आयोग से नियंत्रण हटाने का किया अनुरोध