पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में एक सरकारी बस में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी बस जलकर खाक हो गई। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई। बस में सवार यात्रियों को आनन-फानन में बाहर निकाला गया। आगजनी में यात्रियों की जान बाल-बाल बच गई। घटना सागरदिघी में दोपहर 11 बजे के करीब हुई। यहां मोरग्राम के पास दोहलमोरे में चलती बस में आग लग गई। ब्रह्मपुर से फरक्का की तरफ जा रही सरकारी बस में अचानक आग लगने पर सभी लोग घबराकर बस से उतर गए। आग लगने का सही कारण अभी भी अज्ञात है। सागरदिघी थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई और यात्रियों की मदद की। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।
पश्चिम बंगाल से पहले महाराष्ट्र और दिल्ली में भी सरकारी बसों में आग लगने के मामले सामने आए हैं। हालांकि, अधिकतर घटनाओं में किसी भी यात्री की जान नहीं गई, लेकिन अप्रैल के महीने में यूपी में एक निजी बस में आग लगने से पांच लोगों की मौत हो गई थी। ये घटनाएं बसों की सुरक्षा और प्रशासन की सतर्कता पर सवाल खड़े करती हैं।
महाराष्ट्र में बस में आग लगने के मामले सबसे ज्यादा
बस में आग लगने के मामले सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में सामने आए हैं। 15 अगस्त को मुंबई की सार्वजनिक परिवहन सेवा और बिजली प्रदाता बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (बेस्ट) द्वारा संचालित सीएनजी से चलने वाली बस में आग लग गई थी। शुक्रवार को विक्रोली इलाके में आग लगने की इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। एक महीने के अंदर यह बेस्ट की बस में आग लगने का दूसरा मामला है।
'बेस्ट' ने एक बयान में कहा कि मारुति ट्रैवल से लीज पर ली गई सीएनजी बस विक्रोली स्टेशन से कन्नमवार नगर जा रही थी तभी अपराह्न करीब 3:25 बजे तारों के जलने के कारण चालक के केबिन में धुआं भर गया। बस के चालक और परिचालक ने गाड़ी में रखे एक अग्निशामक यंत्र से आग बुझाई। शहर की दमकल इकाई को भी सूचित किया गया, लेकिन उनकी टीम के पहुंचने से पहले ही आग पर काबू पा लिया गया था। उन्होंने बताया कि आग में कोई हताहत नहीं हुआ।