A
Hindi News पश्चिम बंगाल VIDEO: मंत्री के काफिले की कार ने बच्चे को मारी टक्कर, हुआ गंभीर रूप से घायल, घटना के बाद मौके से भागता दिखा वाहन

VIDEO: मंत्री के काफिले की कार ने बच्चे को मारी टक्कर, हुआ गंभीर रूप से घायल, घटना के बाद मौके से भागता दिखा वाहन

पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में मंत्री के काफिले की कार ने एक बच्चे को टक्कर मार दी और फिर मौके से भागने की कोशिश करने लगी। इस दौरान मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

Murshidabad- India TV Hindi Image Source : REPORTER INPUT मुर्शिदाबाद में मंत्री के काफिले की कार ने एक बच्चे को टक्कर मारी

मुर्शिदाबाद: पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां के रेजिनगर में एक मंत्री के काफिले की कार की टक्कर से एक बच्चा घायल हो गया है। 

क्या है पूरा मामला?

राज्य के मास एजुकेशन और लाइब्रेरी डिपार्टमेंट के मंत्री सिद्दीकुल्ला चौधरी के काफिले की एक कार की टक्कर से शनिवार दोपहर रेजिनगर थाने के काशीपुर इलाके में एक नाबालिग गंभीर रूप से घायल हो गया।

इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने करीब 1 घंटे तक रेजिनगर से सरबंगपुर जाने वाली स्टेट रोड को जाम कर दिया।

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, गुस्साई भीड़ ने राज्य मंत्री को रेजिनगर थाने के काशीपुर-बदरनगर इलाके के एक मदरसे में बंद कर दिया और विरोध प्रदर्शन किया। बाद में रेजिनगर थाने की बड़ी पुलिस फोर्स इलाके में पहुंची और हालात को काबू में किया। 

हालांकि, SDPO (बेलडांगा) उत्तम कुमार गरई ने कहा कि राज्य मंत्री को बंद करने जैसी कोई घटना नहीं हुई। इलाके में हालात पूरी तरह काबू में हैं। घायल बच्चे को बेहतर इलाज के लिए मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।

सीसीटीवी में क्या दिखा?

इस घटना के सीसीटीवी में देखा जा सकता है कि मंत्री का काफिला एक रोड से गुजर रहा है। अचानक एक बच्चा सड़क के बीच में आने की कोशिश करता है, जिससे वह मंत्री के काफिले की कार से टकरा जाता है और गिर जाता है। इस घटना में बच्चा गिरता हुआ दिखता है और कार रुक जाती है।

इसके बाद कार से कुछ लोग बाहर निकलते हैं लेकिन जैसे ही ये लोग देखते हैं कि आसपास स्थानीय लोग जमा होने लगे हैं तो वह कार में बैठकर भागने की कोशिश करने लगते हैं। इस दौरान कुछ स्थानीय लोग कार के सामने जाकर उसे रोकने की भरपूर कोशिश करते हैं लेकिन कार चालक, मौके से कार को भगा देता है और स्थानीय लोग विलाप करते हुए दिखाई देते हैं। 

यही वजह है कि मौके पर स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन भी किया और जाम भी लगाया। लोगों का गुस्सा इस बात को लेकर भी था कि मौके से कार को भगाने की कोशिश क्यों की गई? बच्चे को लेकर हॉस्पिटल भी तो जाया जा सकता था।