A
  1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. मालदा हिंसा की जांच में जुटी NIA, 40 अधिकारियों ने जगह-जगह की चेकिंग; हुए नए खुलासे

मालदा हिंसा की जांच में जुटी NIA, 40 अधिकारियों ने जगह-जगह की चेकिंग; हुए नए खुलासे

मालदा में हुई हिंसा के बाद एनआईए के अधिकारी मालदा के उन इलाकों में पहुंचे जहां हिंसा हुई थी। एनआईए के 40 अधिकारियों को अलग-अलग टीमों में अलग-अलग जगहों पर भेजा गया था।

मामला में जगह-जगह पहुंचे NIA के अधिकारी। - India TV Hindi
Image Source : X/BSFAMARPRAHARI मामला में जगह-जगह पहुंचे NIA के अधिकारी।

मालदा में बीते दिनों जमकर हिंसा देखने को मिली थी। यहां बीते बुधवार को कालियाचक II ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिस के बाहर भीड़ जमा हो गई थी और उसने SIR के दौरान मतदाता सूची से नाम हटाए जाने को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान झड़प देखने को मिली। मालदा में हुई हिंसा मामले की जांच के लिए NIA की टीम आज मालदा पहुंची। NIA की टीम में 40 अधिकारी शामिल थे। यह टीम अलग-अलग हिस्सों में बंटकर अलग-अलग जगह पर पहुंची थी। 

सोमवार तक पेश करनी है रिपोर्ट

NIA की एक टीम मालदा मोथाबाड़ी थाने पर पहुंची, जबकि एक टीम ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिस पहुंची जहां 7 जजों को बंधक बनाया गया था। इसके अलावा अन्य टीमें भी अलग-अलग जगहों पर पहुंची। दरअसल, NIA को अगले सोमवार तक अपनी रिपोर्ट पेश करनी है, इसलिए NIA की इतनी बड़ी टीम को यहां लाया गया है। मोथाबाड़ी बीडीओ दफ्तर के अंदर सीसीटीवी कैमरे के फुटेज भी चेक किए जा रहे हैं। इसके अलावा जज जहां बैठकर SIR प्रक्रिया सुन रहे थे उस जगह पर भी जांच कर रहे हैं।

जजों के काफिले को रोकने की कोशिश

बता दें कि बीडीओ दफ्तर से रेस्क्यू होने के बाद 2 जगहों पर जजों के काफिले को रोकने की कोशिश की गई थी। जिस रास्ते से बीडीओ दफ्तर से सीधा मालदा टाउन और NH पहुंचा जा सकता है, इसी रास्ते पर सबसे पहले बीडीओ दफ्तर से 3 किलोमीटर दूरी पर अमलीतला मोड़ पर रोकने की कोशिश की गई थी। रास्ते को बम्बू के जरिए रोकने की कोशिश की गई थी। इसके बाद और आगे लगभग 800 मीटर की दूरी पर मदरसा मोड़ पर गाड़ियों के काफिले पर पथराव भी किया गया। इन सभी जगहों पर आज NIA की अलग-अलग टीमें जांच करने पहुंचीं।

मुख्य साजिशकर्ता को किया गिरफ्तार

इस मामले में अब तक मुख्य साजिशकर्ता को गिरफ्तार कर लिया गया है। ADG नॉर्थ बंगाल के जयरामन ने कहा, "हमने लोगों को भड़काने के आरोप में मोफक्करुल इस्लाम को बागडोगरा एयरपोर्ट से हिरासत में लिया है। हम इस तरह की किसी भी गतिविधि की अनुमति नहीं है। हम निश्चित रूप से इसकी जांच करेंगे कि यह पहले से प्लान किया गया था या नहीं। अब तक 35 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।" वहीं कुल 17 लोगों को अदालत में पेश किया गया। मुख्य आरोपियों में से एक मुफक्करुल इस्लाम को 14 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। मालदा कोर्ट ने बाकी सभी को 7 दिन की पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया है।

 

यह भी पढ़ें- 

पश्चिम बंगाल: मालदा प्रोटेस्ट मामले का मुख्य साजिशकर्ता गिरफ्तार, 35 लोग हुए अरेस्ट, NIA की रेड जारी