1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. ना OTP दिया ना कॉल उठाया, फिर भी कारोबारी के खाते से उड़ गए 6 लाख रुपये, एक मैसेज ने उड़ा दिए होश

ना OTP दिया ना कॉल उठाया, फिर भी कारोबारी के खाते से उड़ गए 6 लाख रुपये, एक मैसेज ने उड़ा दिए होश

दुर्गापुर में एक कारोबारी के खाते से छह लाख रुपये कटने का मामला सामने आया है। आरोप है कि उसने न तो कोई ओटीपी बताया और ना ही किसी की कॉल उठाई, इसके बावजूद उसके खाते से रुपये कट गए।

कारोबारी के खाते से कट गए 6 लाख रुपये।- India TV Hindi
Image Source : PEXELS/REPRESENTATIVE IMAGE कारोबारी के खाते से कट गए 6 लाख रुपये।

दुर्गापुर: पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शख्स के खाते से छह लाख रुपये कट गए। शख्स का कहना है कि उसने ना तो कोई OTP दिया और ना ही किसी लिंक पर क्लिक किया। यहां तक कि उसने किसी संदिग्ध फोन कॉल का जवाब तक नहीं दिया। इसके बावजूद बैंक खाते से एक साथ 6 लाख रुपये गायब हो गए। उसने बैंक को सूचना भी दी, लेकिन उसके खाते से रुपये कट गए। उसके फोन पर छह लाख रुपये कट जाने का मैसेज आया, जिसके बाद परिवार दंग रह गया। साइबर ठगी के इस नए मामले से दुर्गापुर औद्योगिक क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। 

खाते से कटे 6 लाख रुपये

जानकारी के मुताबिक, दुर्गापुर के विधाननगर इलाके के कारोबारी प्रबुद्ध गुहा ने सोमवार को अपने मोबाइल पर कई फोन कॉल आते देखे। हालांकि उन्होंने किसी भी कॉल का जवाब नहीं दिया और न ही किसी को OTP दिया। मामला संदिग्ध लगने पर उन्होंने तुरंत बैंक अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। लेकिन आरोप है कि बैंक को सूचना देने के कुछ घंटे बाद ही उनके मोबाइल पर एक मैसेज आया। मैसेज में पता चला कि उनके बैंक खाते से 6 लाख रुपये डेबिट हो गए हैं।

घटना की जांच शुरू

इस घटना के बाद कारोबारी और उनके परिवार के होश उड़ गए। परिवार का दावा है कि यह रकम इलाज के खर्च और बेटे के दाखिले के लिए जमा की गई उनकी आखिरी जमा पूंजी थी। खाते से अचानक पूरी रकम गायब होने के बाद परिवार बेहद चिंतित है। घटना के बाद प्रशासन के विभिन्न विभागों में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

ठगी के नए-नए तरीके अपना रहे आरोपी

बता दें कि इन दिनों ठगों के द्वारा लोगों के खाते से रुपये निकालने के लिए लगातार नए-नए तरीके अपनाए जा रहे हैं। इस बीच साइबर ठगी का तरीका इन दिनों ज्यादा चर्चा में है। साइबर ठग लोगों के फोन पर ओटीपी भेजकर या कोई लिंक भेजकर उसके जरिए फोन का एक्सेस ले लेते हैं और ठगी की घटना को अंजाम देते हैं। (इनपुट- बिज्जू मंडल)

यह भी पढ़ें-

CPR देते रह गए मंत्री वकिटि श्रीहरि, विधानसभा में अचानक गिरे IAS नवीन मित्तल के PS राजू; कार्डियक अरेस्ट से मौत