पश्चिम बर्दवान जिले के कांकसा थाना क्षेत्र में एक सोने की दुकान से मोबाइल चोरी होने की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। पानागढ़ बाजार में दिनदहाड़े दो युवक दुकान में घुसे और मौका मिलते ही मोबाइल लेकर फरार हो गए। शुक्रवार शाम करीब चार बजे हुई इस घटना को लेकर पीड़ित स्वर्ण व्यवसायी सुबीर पाल ने कांकसा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जानिए क्या है पूरा मामला।
कुछ मिनट के लिए बाहर गया था दुकानदार
जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्दवान जिले में यह घटना शुक्रवार शाम उस समय घटित हुई,जब दुकान खुली रहने के दौरान व्यवसायी सुबीर पाल कुछ मिनटों के लिए दुकान से बाहर गए थे। इसी मौके का फायदा उठाकर दो अज्ञात युवक दुकान के अंदर घुसे और काउंटर के भीतर रखा उनका मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए।
काउंटर से मोबाइल लेकर निकल गए दो युवक
दुकान लौटने पर मोबाइल गायब देखकर सुबीर पाल ने तुरंत सीसीटीवी फुटेज की जांच की। फुटेज में कथित तौर पर दोनों युवकों की मोबाइल चोरी करने की पूरी घटना कैद दिखाई दी। इसके बाद उन्होंने कांकसा थाने पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज से संबंधित जानकारी के साथ लिखित शिकायत दर्ज कराई।
व्यापारियों में मचा हड़कंप
दिनदहाड़े व्यस्त पानागढ़ बाजार में हुई इस घटना से स्थानीय व्यवसायियों में चिंता और भय का माहौल है। अन्य दुकानदारों ने भी बाजार में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। वहीं, शिकायत मिलने के बाद कांकसा थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों संदिग्ध युवकों की पहचान करने और घटना की गुत्थी सुलझाने का प्रयास कर रही है।
बेनाचिती में दिनदहाड़े हुई चोरी की घटना
इससे पहले 16 सितंबर को दुर्गापुर के बेनाचिती स्थित निवेदिता प्लेस इलाके में चोरी की वारदात हुई। इस मामले में पुलिस ने कोलकाता से दो संदिग्धों को धर दबोचा है। पीड़ित परिवार के अनुसार, दोपहर के समय घर में कोई भी नहीं था। जब परिवार के लोग वापस आए तो देखा कि घर का मुख्य दरवाजा बाहर से बंद है, लेकिन जब वे घर के पीछे की ओर गए, तो वहां का दरवाजा खुला मिला। जब परिजनों ने घर में प्रवेश किया तो उनके होश उड़ गए, क्योंकि कमरों में सारा सामान बिखरा हुआ था और अलमारी का ताला टूटा हुआ था। चोरों ने अलमारी से सोने-चांदी के गहने और जरूरी कागजात चुरा लिए थे।
(रिपोर्ट- बिज्जू मंडल)
ये भी पढ़ेंः 3 राशियों के लिए खास रहेगा ये सप्ताह, मेष-वृश्चिक को सफलता के संकेत; कुंभ वालों के करियर की धीमी होगी रफ्तार