1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. 'TMC नहीं चाहती कि बंगाल की बेटियां MLA और MP बनें, महिलाओं के साथ हुआ विश्वासघात', बांकुड़ा में बोले पीएम मोदी

'TMC नहीं चाहती कि बंगाल की बेटियां MLA और MP बनें, महिलाओं के साथ हुआ विश्वासघात', बांकुड़ा में बोले पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। पीएम मोदी ने कहा कि रैली में आए लोगोंं की संख्या बता रही है कि ये बेरहम राज्य सरकार के खिलाफ गुस्से का प्रतीक है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी- India TV Hindi
Image Source : ANI प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले के विष्णुपुर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा, 'हर जनसभा पहले से ज्यादा बड़ी होती जा रही है। मुझे बताया गया कि लोग 2-3 घंटे से बैठे हुए हैं। यह माहौल, यह प्यार, यह उत्साह, यह जोश, यह विरोध भी उस बेरहम सरकार के खिलाफ गुस्से का प्रतीक है।' इसके साथ ही पीएम मोदी ने ममता सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि टीएमसी नहीं चाहती है कि बंगाल की बेटियां विधायक (MLA) और सांसद (MP) बनें।

बंगाल की बहनों के साथ हुआ विश्वासघात

पीएम मोदी ने कहा, 'BJP की पहचान महिला सशक्तिकरण और महिलाओं की सुरक्षा है। इसीलिए, देश के हर राज्य में बहनें और बेटियां BJP को सबसे ज्यादा आशीर्वाद देती हैं। हम एक विकसित भारत के निर्माण में बेटियों की भूमिका का विस्तार करना चाहते हैं और ज्यादा से ज्यादा बेटियों को राजनीति में भी आने के लिए प्रोत्साहित करना चाहते हैं। आपने देखा कि संसद में क्या हुआ। TMC ने एक बार फिर बंगाल की बहनों के साथ विश्वासघात किया है।'

TMC ने कांग्रेस के साथ मिलकर साजिश रची

पीएम मोदी ने कहा, 'बंगाल की महिलाएं 33% आरक्षण चाहती थीं। मोदी ने इसे सुनिश्चित किया। बंगाल की महिलाएं चाहती थीं कि इसे 2029 से लागू किया जाए। मोदी ने इसके लिए भी प्रयास किए। लेकिन TMC नहीं चाहती थी कि बंगाल की बेटियां MLA और MP बनें, क्योंकि बंगाल की बेटियां उनके 'महा जंगल राज' को चुनौती दे रही थीं। इसलिए, TMC ने कांग्रेस के साथ मिलकर साजिश रची और महिलाओं को 33% आरक्षण देने वाले कानून को पारित होने से रोक दिया।'

बंगाल की महिलाओं को लाभ नहीं मिल पाते

रैली में बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा, 'बहनों की सुरक्षा, माताओं-बहनों का सम्मान और आपकी समृद्धि, ये BJP की प्राथमिकताएं हैं। आज भी TMC सरकार के भ्रष्टाचार के कारण, बंगाल की महिलाओं को वे लाभ नहीं मिल पाते जो उन्हें BJP सरकार में मिलते हैं। अगर बंगाल में BJP की सरकार बनती है, तो गरीब महिलाओं को मुफ्त राशन मिलेगा और कोई भी आपका राशन नहीं चुरा पाएगा।'