1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. कोयला तस्करी मामले में पुलिस अधिकारी मनोरंजन मंडल गिरफ्तार, ADPC स्पेशल ब्रांच में थे तैनात

कोयला तस्करी मामले में पुलिस अधिकारी मनोरंजन मंडल गिरफ्तार, ADPC स्पेशल ब्रांच में थे तैनात

जांच एजेंसियों ने कोयला तस्करी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट (ADPC) के स्पेशल ब्रांच में तैनात अधिकारी मनोरंजन मंडल को गिरफ्तार कर लिया है। सूत्रों के मुताबिक इस जांच में कई अन्य लोगों के नाम भी सामने आ सकते हैं।

manoj mandal- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT पुलिस अधिकारी मनोरंजन मंडल गिरफ्तार

आसनसोल: आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट (ADPC) की स्पेशल ब्रांच में तैनात पुलिस अधिकारी मनोरंजन मंडल को कथित कोयला तस्करी और मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में गिरफ्तार कर लिया गया है। जांच एजेंसियां लंबे समय से उनके अवैध कोयला और बालू सिंडिकेट से संबंधों की जांच कर रही थीं। गिरफ्तारी के बाद प्रशासनिक और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। 

ED ने ठिकानों पर की छापेमारी

इससे पहले प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने उनके आवास समेत कई ठिकानों पर छापेमारी की थी। इस जांच के दौरान बड़े पैमाने पर उनके वित्तीय लेन-देन और सिंडिकेट से जुड़े नेटवर्क के सुराग मिलने का दावा किया गया है।

जांच में लगी हैं एजेंसियां

सूत्रों के मुताबिक, मनोरंजन मंडल पहले आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के विभिन्न थानों में महत्वपूर्ण पदों पर तैनात रह चुके हैं। बाद में उन्हें स्पेशल ब्रांच में नियुक्त किया गया था। जांच एजेंसियां अब इस कथित नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही हैं।

कई बार भेजा नोटिस

बताया जा रहा है कि कई महीनों से बार-बार नोटिस भेजे जाने के बावजूद भी वह जांच में उपस्थित नहीं हो रहे थे। इससे पहले वह एक थाने में कथित तौर पर एक टीएमसी नेता का जन्मदिन मनाने को लेकर भी विवादों में आए थे, जिसके बाद उन्हें निलंबित (सस्पेंड) कर दिया गया था। फिलहाल मामले की जांच जारी है और जांच एजेंसियां पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हैं।

आगे और भी खुलासे हो सकते हैं

इस मामले में जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में और भी खुलासे होने की संभावना है। एजेंसियां मंडल के बैंक खातों, कॉल डिटेल और संपत्ति की जांच में भी जुटी हुई है। सूत्रों के मुताबिक, कोयला तस्करी के नेटवर्क में और भी अधिकारियों और नेताओं के नाम सामने आ सकते हैं। फिलहाल अभी जांच एजेंसियां हर प्रकार से पड़ताल कर रही हैं।

(आसनसोल से बीजू मंडल की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें:

पश्चिम बंगाल के इन 5 जिलों में अगले एक हफ्ते तक होने वाली भारी बारिश, IMD अलर्ट जारी