1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. पश्चिम बंगाल के बर्दवान में अंधेरे में हो रहा था गलत काम! पुल के पास गोवंश के अवशेष फेंके जाने की खबर, 3 लोग हिरासत में

पश्चिम बंगाल के बर्दवान में अंधेरे में हो रहा था गलत काम! पुल के पास गोवंश के अवशेष फेंके जाने की खबर, 3 लोग हिरासत में

पश्चिम बंगाल के बर्दवान में रामुडी कॉलोनी के पास रात के समय कथित तौर पर गोवंश के अवशेष फेंके जाने की बात सामने आने से भारी तनाव फैल गया है, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को हिरासत में ले लिया है।

पश्चिम बंगाल के बर्दवान में गोवंश के अवशेष फेंके जाने की खबर- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT पश्चिम बंगाल के बर्दवान में गोवंश के अवशेष फेंके जाने की खबर

पश्चिम बंगाल के बर्दवान शहर के वार्ड नंबर 16 स्थित रामुडी कॉलोनी (मिरछोबा) इलाके में रात के अंधेरे का फायदा उठाकर पुल के पास कथित तौर पर गोवंश के अवशेष फेंके जाने की बात सामने आई है, जिसके बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीन लोगों को हिरासत में ले लिया गया। स्थानीय निवासी एवं भाजपा के चार नंबर मंडल के दक्षिण विधानसभा शक्ति केंद्र प्रमुख प्रशांत मजूमदार ने बताया कि रात में काम खत्म कर नीलपुर की ओर जाते समय उन्होंने रामुडी कॉलोनी के सामने स्थित पुल के पास कुछ लोगों को एक वाहन से सामान उतारते देखा। संदेह होने पर वह वापस लौटे और उनसे पूछताछ की, तो शुरुआत में आरोपियों ने इसे वाहन से सामान उतारने की सामान्य घटना बताया।

लेकिन संदेह दूर नहीं होने पर प्रशांत मजूमदार ने मोबाइल का फ्लैश जलाकर देखा तो कथित तौर पर वाहन से बड़ी मात्रा में कटे हुए गोवंश के अवशेष फेंके जा रहे थे। घटना की जानकारी फैलते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। इसके बाद स्थानीय नेताओं और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। बताया गया कि बर्दवान थाना के आईसी भी स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मिरछोबा इलाके के किसी प्रभावशाली व्यक्ति या स्थानीय निवासी के निर्देश पर इस तरह पशुओं के अवशेष लाकर फेंके जा रहे थे।

स्थानीय निवासियों ने दुर्गंध और संभावित स्वास्थ्य संबंधी खतरों को लेकर नाराजगी जताई। साथ ही उन्होंने आशंका जताई कि इस घटना के पीछे सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश भी हो सकती है। लोगों ने कथित अवैध गतिविधियों और खुले में पशुओं के अवशेष फेंकने के खिलाफ कड़ा विरोध जताया। 

घटनास्थल पर नगर मंडल अध्यक्ष राजू चंद्र भी पहुंचे। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी मात्रा में पशुओं के अवशेष कहां से लाए गए, कहां उनकी लोडिंग हुई और किसके संरक्षण में इलाके को डंपिंग ग्राउंड बनाया जा रहा था, इसकी प्रशासन को निष्पक्ष जांच करनी चाहिए। उन्होंने राज्य में इस तरह की कथित अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग की और कहा कि इस मामले को मुख्यमंत्री के समक्ष भी उठाया जाएगा।पुलिस एवं प्रशासन की ओर से मामले में जल्द कार्रवाई और दोषियों के खिलाफ कानूनी कदम उठाने का आश्वासन दिया गया है।

(बर्दवान से बिजू मंडल की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें:

पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना में चर्च में तोड़फोड़, पादरियों और श्रद्धालुओं पर हमला; महिलाओं को भी नहीं बख्शा