A
  1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. पानीहाटी सीट से आरजीकर केस की पीड़िता की मां ने किया नामांकन, साथ में स्मृति ईरानी रहीं मौजूद

पानीहाटी सीट से आरजीकर केस की पीड़िता की मां ने किया नामांकन, साथ में स्मृति ईरानी रहीं मौजूद

पश्चिम बंगाल की पानीहाटी विधानसभा सीट से आरजीकर केस की पीड़िता की मां रत्ना देवनाथ ने BJP प्रत्याशी के तौर पर पर्चा दाखिल कर दिया है। इस मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी भी उपस्थित रहीं।

rg kar case victim mother- India TV Hindi
Image Source : REPORTERS INPUT आरजीकर केस की पीड़िता की मां के नॉमिनेशन के मौके पर स्मृति ईरानी भी मौजूद रहीं।

उत्तर 24 परगना: आरजीकर केस की पीड़िता अभया की मां रत्ना देवनाथ ने पश्चिम बंगाल में नामांकन कर दिया है। वह भारतीय जनता पार्टी की ओर से पानीहाटी विधानसभा सीट की प्रत्याशी हैं। उनके नामांकन के दौरान आज पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी मौजूद रहीं। इस दौरान, स्मृति ईरानी ने रत्ना देवनाथ को गले से भी लगाया और उनके लिए वोटर्स से समर्थन देने की अपील की।

सक्रिय राजनीति में उतरीं आरजीकर केस की पीड़िता की मां

बता दें कि आरजीकर केस की पीड़िता अभया की मां रत्ना देवनाथ ने अब एक्टिव पॉलिटिक्स में कदम रखते हुए पानीहाटी सीट से अपना नॉमिनेशन दाखिल कर दिया है। वह बीजेपी की उम्मीदवार के रूप में सियासी मैदान में उतरी हैं। रत्ना देवनाथ के इस फैसले को न केवल राजनीतिक बल्कि भावनात्मक तौर पर भी काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि अपनी बेटी को इंसाफ दिलाने की लड़ाई वह लंबे वक्त से लड़ती आ रही हैं।

रत्ना देवनाथ के नामांकन में मौजूद रहीं स्मृति ईरानी

पर्चा दाखिले के दौरान रत्ना देवनाथ के साथ पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी भी उपस्थित रहीं, जिन्होंने रत्ना देवनाथ का सपोर्ट करते हुए इसे इंसाफ और संघर्ष की लड़ाई कहा। स्मृति ईरानी की उपस्थिति ने इस नॉमिनेशन को और भी चर्चित कर दिया। रत्ना देवनाथ के नामांकन के दौरान बड़ी संख्या में BJP कार्यकर्ता और समर्थक भी वहां मौजूद रहे। उन्होंने रत्ना देवनाथ और स्मृति ईरानी के समर्थन में नारेबाजी की।

सियासी गलियारों में नॉमिनेशन की चर्चा

इस बीच, सियासी गलियारों में भी इस नॉमिनेशन को लेकर चर्चा तेज है। BJP इसे एक मजबूत प्रतीकात्मक कदम के तौर पर देख रही है। देखना होगा कि पानीहाटी विधानसभा सीट पर रत्ना देवनाथ का यह राजनीतिक और भावनात्मक दांव कितना असर डालता है। पानीहाटी सीट पर दूसरे चरण में 29 अप्रैल को मतदान होगा और रिजल्ट 4 मई को घोषित होगा।