1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. पश्चिम बंगाल में सनसनीखेज वारदात: रील के चक्कर में युवक को जिंदा जलाने की कोशिश, 3 गिरफ्तार और 2 नाबालिग पकड़े गए

पश्चिम बंगाल में सनसनीखेज वारदात: रील के चक्कर में युवक को जिंदा जलाने की कोशिश, 3 गिरफ्तार और 2 नाबालिग पकड़े गए

पश्चिम बंगाल के कोलकाता स्थित हालतू इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां सोशल मीडिया पर रील बनाने के चक्कर में कुछ युवकों ने एक 18 वर्षीय युवक के शरीर पर पेट्रोल छिड़ककर उसे जिंदा जलाने की कोशिश की।

रील के चक्कर में युवक को जिंदा जलाने की कोशिश- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT रील के चक्कर में युवक को जिंदा जलाने की कोशिश

पश्चिम बंगाल के दक्षिण कोलकाता के गरफा थाना के हालतू इलाके में एक दिल दहला देने वाली और मानवीय संवेदनाओं को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। सोशल मीडिया पर सनसनी फैलाने और रील बनाने के चक्कर में कुछ युवकों ने एक 18 वर्षीय किशोर पर पेट्रोल डालकर उसे जिंदा जलाने की गंभीर कोशिश की। गनीमत यह रही कि पीड़ित युवक किसी तरह जान बचाने में कामयाब रहा। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया है।

क्या है पूरी घटना?

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह खौफनाक वारदात हालतू के लेनिननगर तालाब के किनारे घटी। बीते 27 अक्टूबर को पीड़ित 18 वर्षीय युवक अपना काम खत्म कर देर शाम घर लौट रहा था। इसी दौरान तालाब के पास कुछ युवक बैठकर अड्डा जमा रहे थे। आरोप है कि उन्होंने घर लौट रहे किशोर को रास्ते में रोका और जबरन पास की सीमेंट की बेंच पर बैठा लिया। इसके बाद आरोपियों ने सनकी हरकत करते हुए किशोर को जबरन पेट्रोल पिलाने की कोशिश की। जब वे इसमें नाकाम रहे, तो उन्होंने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए उसके शरीर पर पेट्रोल उड़ेल दिया और आग लगा दी।

रील के लिए बनाया वीडियो

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इस पूरी अमानवीय घटना को अंजाम देने के दौरान आरोपी इसका मोबाइल पर वीडियो भी बना रहे थे। उनका मकसद इस खतरनाक कृत्य का वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर रील बनाना था। शरीर में आग लगते ही किशोर की चीख निकल पड़ी, लेकिन अपनी सूझबूझ और जान बचाने की जिद के चलते वह किसी तरह जलती हुई हालत में ही वहां से दौड़कर भाग निकला। उसकी इस फुर्ती ने आखिरकार उसकी जान बचा ली।

पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस हरकत में आई और मामले की गंभीरता को समझते हुए तुरंत जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय गवाहों के आधार पर पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस मामले में मुख्य आरोपी अर्घ्य साहा सहित कुल 3 बालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके अलावा, इस पूरी साजिश में शामिल 2 अन्य नाबालिगों को भी पुलिस ने दबोच लिया है। 

यह भी पढ़ें:

शक्तिगढ़ बाजार में गांजे का अवैध कारोबार! पुलिस की छापेमारी में 2 किलो से अधिक गांजा बरामद, एक गिरफ्तार