1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. "हम हिंदू विरोधी सरकार नहीं चाहते", बंगाल विधानसभा में गूंजा नारा, स्पीकर पर शुभेंदु अधिकारी का बड़ा आरोप

"हम हिंदू विरोधी सरकार नहीं चाहते", बंगाल विधानसभा में गूंजा नारा, स्पीकर पर शुभेंदु अधिकारी का बड़ा आरोप

पश्चिम बंगाल विधानसभा में मंगलवार को बवाल देखने को मिला। बीजेपी विधायकों ने "हम अब हिंदू विरोधी सरकार नहीं चाहते हैं" का नारा लगाते हुए सदन से बहिर्गमन कर दिया।

बंगाल विधानसभा के बाहर विरोध प्रदर्शन- India TV Hindi
Image Source : PTI बंगाल विधानसभा के बाहर विरोध प्रदर्शन

पश्चिम बंगाल में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने विधानसभा अध्यक्ष बिमान बनर्जी को "हिंदू विरोधी" होने का आरोप लगाया। शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को यह आरोप तब लगाया जब विधानसभा में बीजेपी के विधायक बीरभूम जिले और अन्य हिस्सों में होली के दौरान हिंदुओं और पूजा स्थलों पर कथित हमलों को लेकर स्थगन प्रस्ताव पेश करना चाहते थे, लेकिन अध्यक्ष ने इसे अनुमति देने से इंकार कर दिया। इसके बाद बीजेपी विधायकों ने "हम अब हिंदू विरोधी सरकार नहीं चाहते हैं" का नारा लगाते हुए सदन से बहिर्गमन कर दिया।

अध्यक्ष बिमान बनर्जी का जवाब

बंगाल विधानसभा अध्यक्ष बिमान बनर्जी ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें ‘हिंदुत्व’ के बारे में कोई शिक्षा लेने की जरूरत नहीं है और न ही अपने धार्मिक विश्वासों पर बीजेपी के किसी विधायक से प्रमाण पत्र लेने की जरूरत है। उन्होंने यह भी कहा कि शंकर घोष को कुछ समय के लिए प्रस्ताव पढ़ने की अनुमति दी गई थी, लेकिन जब उन्होंने हिंदुओं पर कथित हमलों का जिक्र किया तो अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि इस मुद्दे पर राज्य सरकार को कोई चर्चा या बयान देने की अनुमति नहीं दी जाएगी, जिसके बाद बीजेपी के विधायक विधानसभा से बाहर चले गए।

शुभेंदु अधिकारी का आरोप

शुभेंदु अधिकारी ने इस घटनाक्रम पर सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा, "तृणमूल कांग्रेस के विधायक और पश्चिम बंगाल विधानसभा के माननीय अध्यक्ष ने स्थगन प्रस्ताव से ‘हिंदुत्व’ शब्द को हटा दिया है। क्या 'हिंदुत्व' शब्द असंवैधानिक या असंसदीय है? वह इस शब्द को कैसे संपादित और हटा सकते हैं?" अधिकारी ने आरोप लगाया कि अध्यक्ष हमारी आवाज दबाकर हिंदुत्ववादी विधायकों को किनारे करने के लिए अपने पद का दुरुपयोग कर रहे हैं और कहा कि हम पीछे नहीं हटेंगे, हम अपनी आवाज उठाते रहेंगे और उन्हें 'हिंदुत्व' शब्द सुनाते रहेंगे। उन्हें इससे बहुत नफरत है।"

इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए विधानसभा अध्यक्ष बिमान बनर्जी ने कहा, "मुझे शुभेंदु अधिकारी से हिंदुत्व सीखने की जरूरत नहीं है। साथ ही मुझे इस मुद्दे (धार्मिक विश्वास) पर उनका प्रमाणपत्र लेने की जरूरत नहीं है।" (इनपुट- भाषा)

ये भी पढ़ें- 

रूस यूक्रेन युद्ध को लेकर बड़ी खबर, पुतिन ने 30 दिनों तक हमले रोकने पर जताई सहमति

Sunita Williams Returns Live: 9 महीने बाद धरती पर लौटीं सुनीता विलियम्स, NASA ने कहा-सफल रहा मिशन