1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. 'टीएमसी के कुछ गुंडे बच गए हैं, सरकार बनते ही उनका इलाज करेंगे', शुभेंदु अधिकारी का बड़ा बयान

'टीएमसी के कुछ गुंडे बच गए हैं, सरकार बनते ही उनका इलाज करेंगे', शुभेंदु अधिकारी का बड़ा बयान

पश्चिम बंगाल में चुनाव के बाद हिंसा की घटनाओं में दो लोगों की मौत हो चुकी है। इस बीच बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि लोग शांति बनाए रखें। टीएमसी के कुछ गुंडे बच गए हैं, सरकार बनने के बाद उनका इलाज होगा।

Suvendu Adhikar- India TV Hindi
Image Source : PTI शुभेंदु अधिकारी

कोलकाता:  भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी  ने लोगों से अपील की है कि वे राजनीतिक हिंसा से बचें। उन्होंने टीएमसी पर भ्रष्टाचार और महिलाओं पर अत्याचार के आरोप लगाए। भाजपा की बड़ी जीत के बीच शुभेंदु अधिकारी ने कोलकाता में मीडिया से बात करते हुए कहा कि राजनीतिक हिंसा की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने BJP कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने की अपील की। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि टीएमसी के कुछ गुंडे बच गए हैं, सरकार बनते ही उनका इलाज करेंगे।

पॉलिटिकल वायलेंस की जरूरत नहीं

शुभेंदु अधिकारी ने कहा, "मैंने आज पब्लिक मीटिंग में कहा था कि जिन्हें पॉलिटिकल वायलेंस करने की जरूरत नहीं है, उन्हें शांति बनाए रखनी चाहिए। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की ओर इशारा करते हुए कहा कि जो गुंडे और रेपिस्ट हैं उनके खिलाफ बीजेपी की सरकार बीएनएस के तहत कार्रवाई करेगी। शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि टीएमसी ने सरकारी पैसे और जबरन वसूली से कई ऑफिस खोले थे, ये ऑफिस लोगों के हित में नहीं थे। सिंडिकेट राज और टोला बाजी (एक्सटॉर्शन) सब जानते हैं।

कानून हाथ में लेने की जरूरत नहीं

संदेशखाली का मामला जब सामने आया तब सबने शाहजहां शेख पर आरोप लगाया कि वह बहन बेटियों को टीएमसी ऑफिस में रात में बुलाकर उनके साथ अत्याचार करता था। ये मेरे आरोप नहीं हैं, बल्कि संदेशखाली की पीड़ित महिलाओं के आरोप हैं। इसलिए मैं BJP कार्यकर्ताओं से अपील करता हूं कि कोई घटना नहीं होनी चाहिए। उनकी (TMC) पार्टी ऑफिस को भी हाथ नहीं लगाना चाहिए। बता दें कि शुभेंदु अधिकारी ने भवानीपुर और नंदीग्राम दोनों सीटों से जीत हासिल की है। उन्होंने भवानीपुर सीट से ममता बनर्जी को चुनाव हरा दिया है। वे सीएम पद के प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं।