1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. घायल भाजपा कार्यकर्ता से मिलने पहुंचे सुकांत मजूमदार पर हमला, बोले- सब जिहादी और बांग्लादेशी हैं

घायल भाजपा कार्यकर्ता से मिलने पहुंचे सुकांत मजूमदार पर हमला, बोले- सब जिहादी और बांग्लादेशी हैं

पश्चिम बंगाल का दक्षिण 24 परगना इन दिनों सुर्खियों में बना हुआ है। इस बीच सुकांत मजूमदार पर आज बज बज इलाके में हमला हुआ है। उन्होंने कहा कि वह इस मामले की सूचना गृह मंत्रालय को देंगे।

Sukant Majumdar who went to meet the injured BJP worker was attacked he said all are Jihadis and Ban- India TV Hindi
Image Source : ANI सुकांत मजूमदार पर हमला

पश्चिम बंगाल का दक्षिण 24 परगना इन दिनों राजनीतिक अड्डा बना हुआ है। बीते दिनों माहेशतला में तुलसी का पौधा लगाने को लेकर बवाल मचा था, जिसके बाद उपद्रवियों द्वारा तुलसी के पौधे को तोड़ दिया गया और शिव मंदिर पर हमला किया। इसी कड़ी में आज केंद्रीय मंत्री और पश्चिम बंगाल भाजपा के अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने आरोप लगाया कि वह बज बज में भाजपा के घायल कार्यकर्ता से मुलाकात करने के लिए गए थे। इस दौरान टीएमसी कार्यकर्ताओं ने उनके उपर पत्थर और जूते फेंके। सुकांत मजूमदार ने कहा, 'मैं इस पूरी स्थिति के बारे में गृह मंत्रालय को सूचित करूंगा। वे लोकतंत्र को नष्ट करने के लिए ऐसी हरकतें कर रहे हैं।'

सुकांत मजूमदार बोले- ये सब जिहादी हैं

मजूमदार ने आगे कहा कि मुझपर ईंट, जूते और पत्थर फेंके गए हैं। टीएमसी पूरे प्रदर्शन को आयोजित कर रही है। अगर चेक करेंगे तो इनमें से ज्यादातर लोग बांग्लादेश के होंगे जो यहां गुंडागर्दी कर रहे हैं। इनके पूर्वज यहां के नहीं थे। ये सब जिहादी हैं। बता दें कि दक्षिण 24 परगना के माहेशतला में 11 जून 2025 को तुलसी के पौधे को लगाने को लेकर सांप्रदायिक हिंसा भड़क उठी। ये विवाद तब शुरू हुआ जब एक फल विक्रेता (अल्पसंख्यक समुदाय/मुस्लिम समुदाय) ने अपनी दुकान की जगह पर तुलसी मंच बनाए जाने का विरोध किया।

क्या है पूरा मामला?

तुलसी मंच को लेकर दोनों समुदायों के बीच तनाव बढ़ गया और फिर भीड़ ने शिव मंदिर पर हमला किया और तुलसी के पौधे को उखाड़ा। साथ ही दुकानों और घरों में भी तोड़फोड़ की। बता दें कि इस हमले में 60 से अधिक लोग, जिसमें पुलिसकर्मी भी शामिल थे, घायल हुए और 40 लोग गिरफ्तार किए गए। इसके बाद इस घटना ने राजनीतिक रंग ले लिया। बीजेपी ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर हिंदू-विरोधी नीतियों का आरोप लगाया। भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने तुलसी पौधे के साथ राजभवन तक मार्च किया। वहीं, TMC ने बीजेपी पर सांप्रदायिक तनाव भड़काने का आरोप लगाया। पुलिस ने स्थिति नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज और आंसू गैस का उपयोग किया। इलाके में तनाव बना हुआ है, और पुलिस दोनों पक्षों की भूमिका की जांच कर रही है।