A
  1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. '24 घंटे में खत्म हो जाएगी TMC, हिंदुओं के लिए करूंगा काम', सुवेंदु अधिकारी ने वजह भी बताई

'24 घंटे में खत्म हो जाएगी TMC, हिंदुओं के लिए करूंगा काम', सुवेंदु अधिकारी ने वजह भी बताई

बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम और भवानीपुर जीत के बाद टीएमसी पर हमला करते हुए कहा कि पार्टी जल्द खत्म हो जाएगी। उन्होंने दावा किया कि नंदीग्राम में हिंदुओं ने उन्हें समर्थन दिया, जबकि मुस्लिम वोट टीएमसी को गया।

Suvendu Adhikari, TMC collapse, Mamata Banerjee defeat, Nandigram election result- India TV Hindi
Image Source : PTI जीत का सर्टिफिकेट लेने के बाद बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी।

हावड़ा: भारतीय जनता पार्टी के कद्दावर नेता सुवेंदु अधिकारी ने भवानीपुर और नंदीग्राम विधानसभा सीटों पर अपनी जीत का प्रमाण पत्र प्राप्त करने के बाद बड़ा बयान दिया है। जीत के बाद ANI से बात करते हुए सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि नंदीग्राम के हिंदू मतदाताओं ने उन्हें जीत दिलाई है, जबकि मुस्लिम वोट पूरी तरह तृणमूल कांग्रेस के पक्ष में गया है। उन्होंने कहा, 'इस बार मैंने लगभग दस हजार वोटों से चुनाव जीता है। नंदीग्राम के हिंदू लोगों ने मुझे फिर से जीत दिलाई है। वहां पूरा मुस्लिम वोट TMC को गया। मैं नंदीग्राम के हिंदुओं के लिए काम करूंगा।' नंदीग्राम सीट पर उन्होंने TMC उम्मीदवार पबित्र कर को 9,665 वोटों के अंतर से हराया।

'तृणमूल भ्रष्ट और परिवारवादी पार्टी है'

सुवेंदु अधिकारी ने TMC पर तीखा हमला करते हुए कहा कि यह पार्टी जल्द ही खत्म हो जाएगी। उन्होंने कहा, 'TMC खत्म हो जाएगी। 24 घंटे के भीतर यह पूरी तरह खत्म हो जाएगी। यह भ्रष्ट और परिवारवादी पार्टी है, इसकी कोई विचारधारा नहीं है।' उन्होंने आगे कहा कि बीजेपी चुनाव से पहले किए गए वादों को पूरा करेगी। अधिकारी ने कहा, 'गृह मंत्री अमित शाह ने जो घोषणाएं अपने घोषणापत्र में की थीं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बार-बार जो गारंटी दी है, हम उसे पूरा करेंगे।'

सुवेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को दी मात

इस बीच पश्चिम बंगाल 2026 विधानसभा चुनावों के संदर्भ में एक बड़ा राजनीतिक बदलाव देखने को मिला। मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी को अपने गढ़ भवानीपुर सीट पर सुवेंदु अधिकारी से 15,105 वोटों से हार का सामना करना पड़ा। चुनाव परिणामों के अनुसार सुवेंदु अधिकारी को 73,917 वोट मिले, जबकि ममता बनर्जी को 58,812 वोट मिले। CPI(M) के श्रीजीव विश्वास काफी पीछे रहे। ममता बनर्जी की उनके ही गढ़ में हार को पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़े बदलाव के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

बंगाल में किस पार्टी ने जीतीं कितनी सीटें?

चुनाव आयोग के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, 294 सीटों वाली विधानसभा में भाजपा ने 206 सीटें जीत ली हैं। TMC ने 81 सीटों पर जीत हासिल की है और एक सीट पर आगे चल रही है। कांग्रेस ने 2 सीटें जीती हैं, AJUP (हुमायूं कबीर की पार्टी) ने 2 सीटें जीती हैं, जबकि CPI(M) को केवल 1 सीट मिली है।