A
  1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. भवानीपुर से सुवेंदु अधिकारी का नामांकन, अमित शाह रहे मौजूद, क्या ममता के गढ़ में इस बार लगेगी सेंध?

भवानीपुर से सुवेंदु अधिकारी का नामांकन, अमित शाह रहे मौजूद, क्या ममता के गढ़ में इस बार लगेगी सेंध?

भवानीपुर से सुवेंदु अधिकारी के नामांकन के दौरान अमित शाह ने रोड शो किया। इस दौरान बीजेपी और टीएमसी के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। भवानीपुर को ममता का गढ़ कहा जाता है।

सुवेंदु अधिकारी और ममता बनर्जी- India TV Hindi
Image Source : PTI सुवेंदु अधिकारी और ममता बनर्जी

पश्चिम बंगाल की सबसे हॉट सीट भवानीपुर है। यहां से बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी ने अपना नॉमिनेशन फाइल कर दिया है। इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद रहे। नामांकन से पहले सुवेंदु अधिकारी के साथ अमित शाह ने रोड शो भी किया। 

BJP-TMC के कार्यकर्ता आमने-सामने

अमित शाह के रोड शो के दौरान बीजेपी और TMC कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। दोनों पार्टियों के वर्कर के बीच हाथापाई भी हुई। हालांकि, अमित शाह अपने रथ से उतरकर गाड़ी से निकले और सुवेंदु अधिकारी के नॉमिनेशन में मौजूद रहे।

जनता की नब्ज जानते हैं सुवेंदु अधिकारी

भवानीपुर में ममता की चुनौती आसान नहीं रहने वाली है। सुवेंदु अधिकारी बंगाल के कद्दावर नेता हैं। जनता की नब्ज को भली भांति जानते हैं। अमित शाह ने आज भवानीपुर में बताया कि सुवेंदु सिर्फ नंदीग्राम से चुनाव लड़ना चाहते थे, लेकिन शाह ने उनसे कहा कि भवानीपुर से चुनाव लड़कर एक बार फिर ममता बनर्जी को चुनाव हराना है।

भवानीपुर उपचुनाव में जीती थीं ममता बनर्जी

भवानीपुर ममता बनर्जी का गढ़ है। इस सीट से इस बार उनका मुकाबला सुवेंदु अधिकारी से है। सुवेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को 2021 में पश्चिम बंगाल की हाई-प्रोफाइल सीट नंदीग्राम विधानसभा सीट पर शिकस्त दी थी। सुवेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को 1,956 वोटों के अंतर से हराया था। भवानीपुर सीट से ममता बनर्जी 2021 के उपचुनाव में जीती थीं। साल 2011 और 2016 में भी ममता बनर्जी भवानीपुर से जीत हासिल कर चुकी हैं।

सुवेंदु के रोड शो में बीजेपी का शक्ति प्रदर्शन

नॉमिनेशन से पहले अमित शाह और सुवेंदु के रोड शो के जरिए बीजेपी ने शक्ति प्रदर्शन किया। लेकिन TMC कार्यकर्ताओं ने उनके रंग में भंग करने की पूरी कोशिश की। जब बीजेपी का रोड शो कालीघाट इलाके में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के घर के पास पहुंचा तो वहां मौजूद TMC के कार्यकर्ता और बीजेपी समर्थक आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी की और काले झंडे दिखाए। 

TMC समर्थकों ने सुवेंदु अधिकारी के खिलाफ लगाए नारे

स्थिति उस वक्त  ज्यादा तनावपूर्ण हो गई, जब दोनों पार्टी के समर्थकों के बीच धक्का-मुक्की और हाथापाई शुरू हो गई। TMC समर्थकों ने सुवेंदु अधिकारी के खिलाफ नारे लगाए। माहौल को बिगड़ता देख पुलिस ने एक सुरक्षा घेरा बनाया और भीड़ को तितर-बितर किया। सुरक्षा कारणों से अमित शाह को अपना रोड शो बीच में ही छोड़कर गाड़ी से आगे निकलना पड़ा।