A
  1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. शुभेंदु अधिकारी पर आत्मघाती हमले की साजिश! महिला को फंसाने के लिए भेजा था फर्जी ईमेल, आरोपी गिरफ्तार

शुभेंदु अधिकारी पर आत्मघाती हमले की साजिश! महिला को फंसाने के लिए भेजा था फर्जी ईमेल, आरोपी गिरफ्तार

शुभेंदु अधिकारी पर आत्मघाती हमले की साजिश को लेकर मिले ईमेल की जांच में चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है। कोलकाता पुलिस ने बताया कि एक महिला को फंसाने के लिए फर्जी ईमेल का सहारा लिया गया था। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Suvendu adhikari- India TV Hindi
Image Source : PTI शुभेंदु अधिकारी, सीएम, पश्चिम बंगाल

कोलकाता: पश्चिम बंगाल के नवनियुक्त मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी पर आत्मघाती हमले की साजिश को लेकर आए ईमेल से कोलकाता पुलिस में हड़कंप मच गया। लेकिन जब मामले की जांच की गई तो सच्चाई कुछ और ही निकली। एक शख्स ने एक महिला को फंसाने के लिए लिए फर्जी मेल भेजा था। कोलकाता पुलिस ने मामले का खुलासा कर दिया है। कोलकाता पुलिस के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त वी सोलोमन नेसकुमार ने शनिवार को बताया कि यह ईमेल फर्जी था और एक महिला को फंसाने की साजिश के तहत भेजा गया था।

भवानीपुर थाने को मिला था ईमेल

अतिरिक्त पुलिस आयुक्त वी सोलोमन नेसकुमार ने बताया कि कि 14 मई को भवानीपुर थाने के प्रभारी अधिकारी को एक ईमेल मिला था। इस मेल में यह दावा किया गया था कि आबिदा अली नाम की महिला अल-कायदा के साथ मिलकर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु पर आत्मघाती हमला करने की योजना बना रही है। इस ईमेल से हड़कंप मच गया और पुलिस एवं तमाम एजेंसियां अलर्ट हो गईं। भवानीपुर थाना और एसटीएफ ने संयुक्त रूप से मामले की जांच शुरू की।

पूछताछ के बाद पुलिस ने किया गिरफ्तार

जांच के दौरान पुलिस को गार्डन रीच इलाके में रहने वाले 27 साल के हसन इकबाल के बारे में जानकारी मिली। पुलिस ने उसे शुक्रवार रात गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसके मोबाइल फोन से वही ईमेल बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक आरोपी हाई स्कूल पास है, लेकिन आईटी में काफी एक्सपर्ट है। पूछताछ के दौरान उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने स्वीकार किया कि महिला से उसकी निजी दुश्मनी थी और उसी कारण उसने उसे आतंकी गतिविधियों में शामिल दिखाने की कोशिश की। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

बता दें कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बीजेपी की बंपर जीत हासिल होने के बाद विधायक दल की बैठक में शुभेंदु अधिकारी को विधायक दल का नेता चुना गया था। एक भव्य समारोह में उन्होंने सीएम पद की शपथ ली। शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में गठित सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में पीएम मोदी, अमित शाह, राजनाथ सिंह समेत एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने भी भाग लिया था।

पुलिस कल्याण बोर्ड भंग

वहीं आज पश्चिम बंगाल सरकार ने  पुलिस कल्याण बोर्ड को भंग कर दिया।  दक्षिण 24 परगना जिले के डायमंड हार्बर में प्रशासनिक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिसकर्मियों पर हमले किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे और कानून-व्यवस्था सख्ती से लागू की जाएगी। शुभेंदु ने पुलिसिंग और प्रशासन पर अपनी सरकार का रुख रेखांकित करते हुए कहा, ''पहले शासकों का कानून था; अब कानून का शासन है।''

उन्होंने कहा, ''पुलिस कल्याण बोर्ड का गठन नेक इरादे से किया गया था। लेकिन अंततः यह एक पार्टी का मुखौटा संगठन बन गया। मुझे नहीं पता कि इससे पुलिसकर्मियों के कल्याण में क्या लाभ हुआ, लेकिन यह अवैध रूप से (नौकरी की अवधि बढ़ाने का) अड्डा बन गया। कुछ लोगों को व्यक्तिगत रूप से इसका फायदा मिला है। आज हम इस बोर्ड को भंग कर रहे हैं।''