कोलकाता: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और TMC सुप्रीमो ममता बनर्जी पर बीजेपी नेताओं के कथित अपमानजनक बयानों के खिलाफ तृणमूल कांग्रेस की महिला शाखा ने शुक्रवार को दक्षिण कोलकाता में एक विरोध रैली निकाली। इस रैली ने राज्य की दो धुर विरोधी पार्टियों, TMC और बीजेपी, के बीच एक नया सियासी विवाद खड़ा कर दिया। रैली का नेतृत्व राज्य की वित्त मंत्री और TMC महिला मोर्चा की अध्यक्ष चंद्रिमा भट्टाचार्य ने किया। यह रैली त्रिकोणीय पार्क से शुरू होकर हजरा मोड़ पर खत्म हुई, जिसमें करीब 2.4 किलोमीटर की दूरी तय की गई।
'बीजेपी को इतना नीचे नहीं गिरना चाहिए'
रैली में TMC महिला मोर्चा की सदस्यों ने नारे लगाए और एक लोकतांत्रिक रूप से चुनी गई महिला मुख्यमंत्री की 'लगातार बेइज्जती किए जाने' के खिलाफ आवाज उठाई। रैली में शामिल पश्चिम बंगाल की मंत्री और टीएमसी नेता शशि पांजा ने कहा, 'बीजेपी और उसके नेता ममता बनर्जी को अपमानित करने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे। उनका अपमान करना इस राज्य की हर औरत का अपमान है। इसलिए हम इसका विरोध कर रहे हैं। उनके बयान बदनामी करने वाले हैं। अगर वे सियासी जंग नहीं लड़ सकते, तो इतने नीचे नहीं गिरना चाहिए और इस तरह की अपमानजनक टिप्पणियां नहीं करनी चाहिए।'
बीजेपी ने दिया अनुब्रत के ऑडियो क्लिप का हवाला
TMC के मुताबिक, बीजेपी नेताओं की ये टिप्पणियां ममता बनर्जी के उस बयान के जवाब में आईं, जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलीपुरद्वार में हाल के भाषण का जवाब दिया था। उस भाषण में मोदी ने 'ऑपरेशन सिंदूर' का जिक्र किया था। बीजेपी ने TMC के आरोपों का जवाब देते हुए एक कथित ऑडियो क्लिप का हवाला दिया, जिसमें TMC के वरिष्ठ नेता अनुब्रत मंडल एक पुलिस अधिकारी के साथ फोन पर कथित तौर पर अपशब्दों का इस्तेमाल करते सुनाई दे रहे हैं। हालांकि न्यूज एजेंसी PTI ने इस वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं की है।
लॉकेट चटर्जी और अग्निमित्रा पॉल ने कसा तंज
बीजेपी सांसद लॉकेट चटर्जी ने तंज कसते हुए कहा, 'TMC बीजेपी नेताओं के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है, लेकिन क्या वे अनुब्रत मंडल के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं? पहले उन्हें अपने घर को साफ करना चाहिए।' बीजेपी विधायक अग्निमित्रा पॉल ने भी निशाना साधते हुए कहा, 'रैली में शामिल होने से पहले उन्हें इंस्पेक्टर लिटन हाल्डर की पत्नी और मां से माफी मांगनी चाहिए, जिस तरह अनुब्रत मंडल ने उनसे बात की।' इस विवाद पर कोलकाता के मेयर और राज्य मंत्री फिरहाद हकीम ने कहा, 'अनुब्रत ने जो किया, वह गलत था। हम इसका कभी समर्थन नहीं करेंगे।'