A
  1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. TMC सांसद महुआ मोइत्रा और उनके पति पिनाकी मिश्रा का रोमांटिक डांस VIDEO वायरल, हालही में हुई है शादी

TMC सांसद महुआ मोइत्रा और उनके पति पिनाकी मिश्रा का रोमांटिक डांस VIDEO वायरल, हालही में हुई है शादी

तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की सांसद महुआ मोइत्रा और उनके पति पिनाकी मिश्रा का डांस वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें दोनों एक दूसरे को थामे रोमांटिक डांस करते नजर आ रहे हैं।

Mahua Moitra, Pinaki Misra- India TV Hindi
Image Source : VIDEO SCREENGRAB महुआ मोइत्रा और उनके पति पिनाकी मिश्रा का डांस वीडियो वायरल

कोलकाता: तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की सांसद महुआ मोइत्रा और बीजू जनता दल (बीजेडी) के पूर्व सांसद पिनाकी मिश्रा की हालही में हुई शादी चर्चा में है। इस बीच महुआ और उनके पति का एक रोमांटिक डांस वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में ये कपल क्लासिक बॉलीवुड गाने 'रात के हमसफ़र' पर नाचते हुए दिख रहा है।

हालही में जर्मनी में हुई थी शादी

मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, शादी 30 मई को जर्मनी में हुई। इस कपल ने जर्मनी के बर्लिन में एक निजी समारोह में हालही में शादी की थी। इस समारोह में केवल करीबी दोस्त और परिवार के लोग शामिल हुए थे। शादी की बात को काफी हद तक गुप्त रखा गया था, और कपल की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई थी। 

दरअसल पश्चिम बंगाल के कृष्णानगर से दो बार सांसद रह चुकीं मोइत्रा और ओडिशा के पुरी से चार बार सांसद रह चुके मिश्रा ने अपने विवाह का जश्न लोगों की नजरों से दूर मनाने का फैसला किया था। समारोह की सादगी और वीडियो में कैद किए गए दिल को छू लेने वाले पलों ने सोशल मीडिया पर खूब प्रतिक्रियाएं बटोरीं थीं, जिसने राजनीतिक हलकों और उससे परे कई लोगों को चौंका भी दिया था।

टीएमसी महासचिव अभिषेक बनर्जी और कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने दी थी बधाई

महुआ की शादी की फोटो जब वायरल हुई तो राजनीतिक दलों के सभी वर्गों से बधाई संदेश आने लगे। टीएमसी महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी ने लिखा, "हार्दिक बधाई! आप दोनों को अनंत खुशियां और एक मजबूत साझेदारी की शुभकामनाएं, क्योंकि आप दोनों ने एक साथ इस अद्भुत नए अध्याय की शुरुआत की है।" 

जादवपुर की सांसद सायोनी घोष और कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने भी अपनी शुभकामनाएं दीं। थरूर ने उन्हें "अच्छे दोस्त और सहकर्मी" बताया और उनके "लंबे और आनंदमय वैवाहिक जीवन" की कामना की।

कपल के बारे में जानिए

पूर्व इनवेस्टमेंट बैंकर मोइत्रा टीएमसी की एक प्रमुख राजनीतिक आवाज हैं, जो पश्चिम बंगाल विधानसभा में कृष्णानगर का प्रतिनिधित्व करने के बाद लोकसभा सांसद के रूप में दूसरा कार्यकाल पूरा कर रही हैं। उनकी शादी पहले डेनिश फाइनेंसर लार्स ब्रोरसन से हुई थी। वहीं ओडिशा के पुरी से चार बार सांसद रहे पिनाकी मिश्रा सुप्रीम कोर्ट में वरिष्ठ अधिवक्ता हैं। उनकी शादी पहले संगीता मिश्रा से हुई थी और उनके दो बच्चे हैं।