1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. शुभेंदु अधिकारी को देखकर TMC समर्थक ने 'जय बांग्ला' का लगाया नारा तो आपा खो दिए नेता प्रतिपक्ष, देखें वीडियो

शुभेंदु अधिकारी को देखकर TMC समर्थक ने 'जय बांग्ला' का लगाया नारा तो आपा खो दिए नेता प्रतिपक्ष, देखें वीडियो

बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी और टीएमसी समर्थक के बीच जमकर बहस हुई। गुस्साए शुभेंदु ने टीएमसी समर्थक को पाकिस्तानी और रोहिंग्या कहकर भी संबोधित किया।

बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी

आरामबाग: पुरशुरा विधानसभा के राधानगर में कन्या सुरक्षा मार्च में शामिल होने जा रहे विपक्षी नेता शुभेंदु अधिकारी को देखकर एक तृणमूल कांग्रेस समर्थक ने 'जय बांग्ला' का नारा लगाया। नारा सुनकर विपक्षी नेता कार से उतरकर मौके पर पहुंचे। उन्होंने अपना आपा खो दिया। शुभेंदु अधिकारी ने जवाब में 'जय श्री राम' का नारा लगाया। उन्होंने तृणमूल समर्थक को पाकिस्तानी और रोहिंग्या कहकर भी संबोधित किया। 

शुभेंदु अधिकारी ने खोया आपा

आरामबाग के हेलन इलाके में तृणमूल समर्थक शेख मोइदुल ने 'जय बांग्ला' का नारा लगाया। शेख मोइदुल ने शुभेंदु अधिकारी को जवाब देते हुए कहा कि मैं नहीं आप होगे रोहिंग्या...। इस दौरान शुभेंदु अधिकारी ने टीएमसी समर्थक के लिए आपत्तिजनक टिप्पणी भी किया। यहां कि उन्होंने अपने सुरक्षा गार्डों को टीएमसी समर्थक को हटाने का आदेश भी दिया। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। 

टीएमसी ने शेयर किया वीडियो

जानकारी के मुताबिक, विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी का काफिला हुगली की सड़कों से गुज़र रहा था। तभी कुछ टीएमसी समर्थकों ने सड़क किनारे खड़े होकर 'जय बांग्ला' के नारे लगाने लगे। इस दौरान शुभेंदु अधिकारी अचानक कार से उतरकर उनकी ओर दौड़ पड़े।  

इस घटना का वीडियो तृणमूल के आधिकारिक फेसबुक प्रोफाइल पर शेयर किया गया है। वीडियो में शुभेंदु अधिकारी कार से उतरते हैं और जानना चाहते हैं कि कौन ऐसे नारे लगा रहा है! जब उनमें से एक आगे आता है, तो उससे कहा जाता है, 'जय श्री राम बोलो।' इसके बाद दोनों के बीच थोड़ी बहस होती है। वापस लौटते समय शुभेंदु को उस व्यक्ति को 'रोहिंग्या' और 'पाकिस्तानी' कहते हुए भी सुना जा सकता है।

यहां देखें वीडियो

बीजेपी ने टीएमसी पर साधा निशाना

पता चला है कि यह घटना बुधवार दोपहर हुगली के पुरशुरा विधानसभा के हेलन इलाके में हुई। विपक्षी नेता भाजपा आरामबाग संगठनात्मक जिले द्वारा आयोजित 'कन्या सुरक्षा यात्रा' नामक एक राजनीतिक कार्यक्रम में भाग लेने जा रहे थे। रास्ते में यह घटना हुई।

इस मामले पर पुरशुरा से भाजपा विधायक बिमान घोष ने टेलीफोन पर कहा, "यह तृणमूल संस्कृति है। विपक्षी नेता एक बैठक के लिए जा रहे थे। वहाँ ऐसा कुछ कहने की क्या ज़रूरत थी? एक तृणमूल कार्यकर्ता ने ऐसा नारा लगाया। शुभेंदु अधिकारी जी ने जय श्री राम कहा। मामला सुलझ गया।"