पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बाद दो गुटों में टूट चुकी ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस में असली-नकली की जंग अब चुनाव आयोग पहुंच गई है। गुरुवार को चुनाव आयोग ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद नंदीग्राम और रेजीनगर में उपचुनाव के लिए टीएमसी का सिंबल और नाम दोनों को फ्रीज कर दिया है। चुनाव आयोग ने दोनों गुटों (ममता बनर्जी गुट और ऋतब्रत बनर्जी गुट) से शुक्रवार को सुबह 11 बजे दोनों गुटों को अपनी प्राथमिकता के आधार पर तीन नए नामों और तीन फ्री सिंबल्स के विकल्प पेश करने का आदेश दिया था। अब जानकारी सामने आई है कि ऋतब्रत बनर्जी गुट ने चुनाव आयोग को अपने विकल्प दे दिए हैं।
TMC के लिए कौन से नाम सुझाए गए?
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, ऋतब्रत बनर्जी के तृणमूल कांग्रेस गुट ने चुनाव आयोग को जवाब दे दिया है। कुछ समय पहले उन्होंने पार्टी के ऑफिस में एक Zoom मीटिंग की। उसके बाद, उन्होंने चुनाव आयोग की डेडलाइन के मुताबिक, चुनाव आयोग को अपनी पसंद के 3 सिंबल भेजे हैं। सूत्रों के अनुसार, ऋतब्रत बनर्जी ने चुनाव आयोग के सामने तृणमूल कांग्रेस के नाम के विकल्प के रूप में 'नेशनलाइज्ड तृणमूल कांग्रेस' और 'डेमोक्रेटिक तृणमूल कांग्रेस' का नाम पेश किया है। सिंबल के विकल्प की पहचान अब तक सामने नहीं आई है।
चुनाव आयोग ने दोनों गुटों के साथ की बैठक
चुनाव आयोग ने अपने अंतरिम आदेश में साफ किया है कि ममता बनर्जी और ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले दोनों ही गुट आगामी उपचुनावों में पार्टी के नाम और निशान का इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे। आयोग ने दोनों गुटों से तीन-तीन नाम और चुनाव आयोग की फ्री सिंबल लिस्ट से तीन-तीन चुनाव चिह्न मांगा है। जानकारी के अनुसार, यह व्यवस्था फिलहाल उपचुनाव के लिए लागू होगी। गुरुवार को चुनाव आयोग ने दोनों गुटों को बैठक के लिए बुलाया था। पहले ऋतब्रत गुट के अरुप रॉय ने चुनाव आयोग की फुल बेंच के सामने अपना पक्ष रखा। उन्होंने पार्टी के नाम और निशान पर दावे को लेकर आयोग को दस्तावेज सौंपे। इसके बाद कल्याण बनर्जी की अगुवाई में ममता बनर्जी के गुट ने भी चुनाव आयोग से मुलाकात की। डेढ़ घंटे तक चली इस बैठक में ममता गुट की तरफ से दावा किया गया कि वो ही असली TMC हैं।
उपचुनाव में दोनों गुटों ने उतारे उम्मीदवार
आपको बता दें कि पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीट पर 6 अक्टूबर को उपचुनाव की वोटिंग है। रेजीनगर सीट हुमायूं कबीर और नंदीग्राम सीट शुभेंदु अधिकारी के इस्तीफे के बाद खाली हुई हैं। नंदीग्राम में ऋतब्रत बनर्जी के बागी TMC गुट ने मोहम्मद एतेशामुल हक को उतारा है। वहीं, ममता बनर्जी गुट से संचिता प्रधान मैदान में हैं। रेजीनगर उपचुनाव के लिए ऋतब्रत बनर्जी गुट ने सफीउद्दीन शेख को उतारा है जबकि ममता ने रबीउल आलम चौधरी को उम्मीदवार बनाया है।
ये भी पढे़ें- चुनाव आयोग ने TMC के दोनों खेमों को बुलाया, ममता के हाथ से छिन जाएगा तृणमूल का सिंबल?
TMC और बागी गुट में फिर बढ़ी तनातनी! विधानसभा सचिवालय ने 10 बागी MLAs को थमाया नोटिस; एक हफ्ते में मांगा जवाब