कूचबिहार: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद टीएमसी की मुश्किलें बढ़ती ही जा रही हैं। पार्टी में फूट के बाद अब तृणमूल कांग्रेस के कूचबिहार जिले के पूर्व अध्यक्ष अभिजीत डे भौमिक को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्हें कूचबिहार कोतवाली पुलिस ने बागडोगरा एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया है। बताया जाता है कि पुलिस ने नौकरी दिलाने के नाम पर कथित धोखाधड़ी के मामले में भौमिक को गिरफ्तार किया है
जानकारी के मुताबिक पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापा मारकर अभिजीत डे भौमिक को एयरपोर्ट से हिरासत में लिया गया। अचानक हुई गिरफ्तारी से इलाके के राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है। बागडोगरा एयरपोर्ट के पास उस समय पकड़ा गया, जब वह ममता बनर्जी के 21 जुलाई के कार्यक्रम से लौट रहे थे। इसके बाद कूचबिहार कोतवाली पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।
नौकरी दिलाने का वादा कर पैसे लेने का आरोप
फिलहाल पुलिस अभिजीत डे भौमिक को लेकर कूचबिहार के लिए रवाना हो चुकी है। पुलिस के मुताबिक अभिजीत डे भौमिक पर कूचबिहार के रहनेवाले लोगों से सरकारी नौकरी दिलाने का वादा कर पैसे लेने का आरोप है। धोखाधड़ी के मामले के अलावा उनके खिलाफ कई अन्य आपराधिक मामले भी दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2025 में तत्कालीन नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी के काफिले पर हुए हमले से जुड़ा मामला भी शामिल है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि अभिजीत डे भौमिक को गिरफ्तार करने के लिए पहले भी कई बार प्रयास किए गए थे। उनके आवास पर छापेमारी भी की गई थी, लेकिन कथित तौर पर वह फरार चल रहे थे। उन पर चुनावी हिंसा में शामिल होने और भड़काऊ बयान देने के भी आरोप हैं।
वर्ष 2025 में कूचबिहार के खगराबाड़ी में शुभेंदु अधिकारी के काफिले पर हमला हुआ था। इस दौरान उनकी बुलेटप्रूफ गाड़ी पर कथित तौर पर भीड़ ने हमला किया था। इस घटना के बाद बड़े पैमाने पर राजनीतिक तनाव पैदा हो गया था और मौके से सात लोगों को गिरफ्तार किया गया था। भाजपा ने आरोप लगाया था कि यह हमला पूर्व नियोजित था और उसने अभिजीत डे भौमिक समेत कई TMC नेताओं के नाम लिए थे।
घटना के बाद शुभेंदु अधिकारी ने दावा किया था कि यह हमला उनकी हत्या की साजिश का हिस्सा था। उन्होंने तत्कालीन उत्तर बंगाल विकास मंत्री उदयन गुहा की कथित संलिप्तता का भी आरोप लगाया था। उन्होंने बांग्लादेशी घुसपैठियों और रोहिंग्या तत्वों से कथित संबंध होने का भी आरोप लगाया था।
ये भी पढ़ें:
26 हजार पुलिस कांस्टेबलों की होगी भर्ती, घुसपैठियों को बाहर करेंगे, विधानसभा में शुभेंदु अधिकारी के बड़े ऐलान