A
  1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. पश्चिम बंगाल में 35726 शिक्षकों की भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी, शुभेंदु अधिकारी ने प्रश्नपत्र बेचने का लगाया आरोप

पश्चिम बंगाल में 35726 शिक्षकों की भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी, शुभेंदु अधिकारी ने प्रश्नपत्र बेचने का लगाया आरोप

पश्चिम बंगाल स्कूल सेवा आयोग (डब्ल्यूबीएसएससी) द्वारा 7 और 14 सितंबर को आयोजित की जा रही एसएलएसटी के जरिये कक्षा 9-10 और 11-12 के 35,726 शिक्षण पद भरे जाएंगे।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
Image Source : ANI सांकेतिक तस्वीर

कोलकाता: पश्चिम बंगाल स्कूल सेवा आयोग (डब्ल्यूबीएसएससी) ने शुक्रवार को राज्य सरकार द्वारा संचालित माध्यमिक और उच्च माध्यमिक स्कूलों में 35,726 शिक्षक पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना प्रकाशित की। एक अधिकारी ने बताया कि डब्ल्यूबीएसएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध नोटिस में सामान्य श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए पदों के अलावा राज्य सरकार की आरक्षण नीति के अनुसार 17 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण का भी प्रावधान है।

उन्होंने बताया कि कुल 35,726 शिक्षक पदों में से ग्यारहवीं और बारहवीं कक्षा के लिए 12,514 और नौवीं और दसवीं कक्षा के लिए 23,212 शिक्षकों की भर्ती की जानी हैं। यह अधिसूचना हाल ही में उच्चतम न्यायालय द्वारा कलकत्ता उच्च न्यायालय के उस आदेश पर रोक लगाने के बाद आई है, जिसमें राज्य की ओबीसी नीति के तहत स्कूली शिक्षकों की नियुक्तियों को चुनौती दी गई थी।

नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने लगाया गंभीर आरोप

वहीं, बीजेपी नेता और पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने राज्य सरकार संचालित और सहायता प्राप्त माध्यमिक और उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में सहायक शिक्षकों की भर्ती के लिए सात और 14 सितंबर को आयोजित की जा रही राज्य स्तरीय चयन परीक्षा (एसएलएसटी) से पहले शुक्रवार को दावा किया कि उत्तर 24 परगना में एक गिरोह प्रश्न पत्र 50,000 रुपये में बेचा रहा है। 

अधिकारी ने कहा कि उनके पास सात सितंबर की परीक्षा के प्रश्नपत्र 50,000 रुपये में बेचे जाने की जानकारी है। भाजपा नेता ने दावा किया कि उनके पास इस दावे के समर्थन में एक ऑडियो क्लिप भी है। नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि जब ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली इस भ्रष्ट तृणमूल कांग्रेस सरकार को यह एहसास हो गया कि वह पैसे के बदले अयोग्य लोगों को उत्तीर्ण करने में मदद करने के लिए ओएमआर शीट के साथ छेड़छाड़ नहीं कर सकती, तो उन्होंने अब अन्य तरीकों का सहारा लिया है। उन्होंने कहा, ‘‘एजेंट के माध्यम से प्रश्नपत्र बेचने के प्रयास किये जा रहे हैं। मुझे जानकारी मिली है कि सात सितंबर का प्रश्नपत्र 50,000 रुपये में बेचा जा रहा है। वहीं, आयोग ने आशंकाओं को खारिज करते हुए कहा है कि प्रश्नपत्र सुरक्षित हैं। 

इनपुट- भाषा