1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. नेशनल हाईवे पर चलते-चलते कार बनी आग का गोला, दूर तक उठी ऊंची-ऊंची लपटें, लोगों ने कूदकर बचाई जान

नेशनल हाईवे पर चलते-चलते कार बनी आग का गोला, दूर तक उठी ऊंची-ऊंची लपटें, लोगों ने कूदकर बचाई जान

चलती कार में आग लगने की घटना से हड़कंप मंच गया। कार नेशनल हाईवे के ओवरब्रिज से होकर गुजर रही थी, तभी उसमें आग लग गई। समय रहते आग की घटना पर काबू पाया गया।

कार में लगी आग- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV REPORTER कार में लगी आग

पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्धमान जिले के रानीगंज में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब रानीसार मोड़ के पास ओवरब्रिज पर एक कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई। कार से आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। घटना के बाद सड़क से गुजर रहे लोगों के बीच भी हलचल मच गई। काफी देर तक सड़क पर यातायात प्रभावित रहा।

ओवरब्रिज से होकर गुजर रही थी कार

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना रानीगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत रानीसार मोड़ के पास स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-19 के ओवरब्रिज की है। एक कार वहां से गुजर रही थी, तभी अचानक वाहन में आग लग गई। आग लगने का पता चलते ही कार में सवार यात्रियों ने बिना देर किए वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। उनकी तत्परता के कारण एक बड़ा हादसा टल गया।

मौके पर पहुंची दमकल विभाग की कई गाड़ियां

घटना की सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की एक गाड़ी मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने काफी प्रयास के बाद कार में लगी आग पर काबू पा लिया। हालांकि, आग लगने के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका है।

कार में आग के बाद जाम हुआ नेशनल हाईवे

राष्ट्रीय राजमार्ग-19 क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण मार्ग है, जहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। ऐसे में ओवरब्रिज पर कार में आग लगने की घटना से कुछ समय के लिए आसपास के लोगों और वाहन चालकों में चिंता का माहौल बन गया। नेशनल हाईवे भी जाम हो गया था। मौके पर दमकल की गाड़ी पहुंचने के बाद आग बुझाने का काम शुरू किया गया।

आखिर किन कारणों से लगी आग?

फिलहाल, इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है। कार में आग किस वजह से लगी, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। घटना को लेकर आगे की जानकारी का इंतजार है। कार में आग लगने की अभी वजह सामने नहीं है। माना जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट, वायरिंग में खराबी, ईंधन का रिसाव, इंजन का अत्यधिक गर्म होने की वजह से चलती कार में आग लगी होगी।

बिज्जू मंडल की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें: 

ममता बनर्जी पर चाकू से हमले की कोशिश का आरोप, पार्टी ने कहा- '3 बार मुख्यमंत्री रह चुकीं नेता भी सुरक्षित नहीं'