A
  1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. 'TMC के 20 सांसद और 50 विधायक हो सकते हैं बीजेपी में शामिल', भाजपा सांसद सौमित्र खान का बड़ा दावा

'TMC के 20 सांसद और 50 विधायक हो सकते हैं बीजेपी में शामिल', भाजपा सांसद सौमित्र खान का बड़ा दावा

ममता बनर्जी की पार्टी TMC के साथ बड़ा खेला हो सकता है। विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद TMC में भगदड़ मची हुई। भाजपा सांसद सौमित्र खान ने कहा है कि TMC के 50 विधायक और 20 सांसद बीजेपी में आने को तैयार हैं।

TMC MLAs and MPs in connection with bjp- India TV Hindi
Image Source : PTI/X (@KHANSAUMITRA) भाजपा सांसद ने TMC को लेकर किया बड़ा दावा।

पश्चिम बंगाल में सत्ता जाने के बाद से ही तृणमूल कांग्रेस की मुश्किलें खत्म होने का नाम नहीं ले रही हैं। अभिषेक बनर्जी समेत टीएमसी के नेताओं के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। वहीं, अब बात ममता बनर्जी की पार्टी TMC के अस्तित्व पर आ गई है। बड़ी खबर ये सामने आई है कि ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी के साथ बहुत बड़ा खेला हो सकता है। चुनाव में करारी हार के बाद टीएमसी में भगदड़ शुरू हो चुकी है। अब भाजपा के सांसद सौमित्र खान ने कहा है कि टीएमसी के करीब 20 सांसद और 50 विधायक पार्टी से बगावत करके बीजेपी में शामिल हो सकते हैं।

सौमित्र खान ने क्या कहा?

बांकुरा से बीजेपी सांसद सौमित्र खान ने सनसनीखेज दावा किया है। सौमित्र खान ने कहा है कि "टीएमसी के 80 में से 50 विधायक बीजेपी में शामिल होने के लिए बेकरार हैं। तो वहीं, 29 में से 20 लोकसभा सांसद पाला बदलने के लिए बिल्कुल रेडी हैं। अब फैसला केंद्रीय आलाकमान के हाथ में है। दिल्ली से ऑर्डर आते ही टीएमसी बिखर जाएगी। उसके सांसद और विधायक बीजेपी में शामिल हो जाएंगे।"

TMC में बगावत की शुरुआत

भाजपा के सांसद सौमित्र खान के इस दावे का असर भी दिखने लगा है। ममता बनर्जी की पार्टी में बड़े पैमाने पर बगावत का सिलसिला शुरू हो चुका है। बारासात से TMC सांसद काकोली घोष ने भी बगावत की शुरुआत कर दी है। जानकारी के अनुसार, काकोली घोष टीएमसी के 6 विधायकों के साथ सीएम शुभेंदु अधिकारी की मीटिंग में पहुंच गईं। टीएमसी सांसद काकोली कोष और 6 विधायकों ने सीएम शुभेंदु अधिकारी की प्रशासनिक समीक्षा बैठक में हिस्सा लिया। काकोली घोष के साथ जो विधायक सीएम शुभेंदु की मीटिंग में पहुंचे थे उनमें देगंगा से टीएमसी विधायक अनीसुर रहमान बिस्वास, स्वरूपनगर की बीना मंडल, हरोआ के मोहम्मद अब्दुल मतीन और बसीरहाट क्षेत्र के तीन अन्य विधायक भी शामिल हैं।

100 काउंसलरों का इस्तीफा

विधानसभा चुनाव में हार के बाद अबतक टीएमसी के करीब 100 काउंसलर पार्टी से इस्तीफा दे चुके हैं। डायमंड हार्बर में 16 सदस्यों वाली नगर पालिका से 8 तृणमूल पार्षदों ने भी इस्तीफा दे दिया है। इनके साथ ही सांसद काकोली घोष दस्तीदार ने शुभेंदु अधिकारी की मीटिंग शामिल होकर विद्रोह का बिगुल ही फूंक दिया है। काकोली घोष ने तीन दिन पहले जिला अध्यक्ष के पद से इस्तीफा दिया था।

ये भी पढ़ें- पश्चिम बंगाल: तृणमूल कांग्रेस के विधायक दिलीप मंडल को बंगाल STF ने हिरासत में लिया, बीजेपी कार्यकर्ताओं को धमकाने के आरोप थे

ममता बनर्जी के खिलाफ पुलिस में शिकायत, सनातन धर्म को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी का आरोप