A
  1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026: मुर्शिदाबाद में बागियों पर बरसे अभिषेक बनर्जी, पार्टी से निकालने की दी धमकी

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026: मुर्शिदाबाद में बागियों पर बरसे अभिषेक बनर्जी, पार्टी से निकालने की दी धमकी

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में पार्टी के अंदर भीरतघात के खतरे को देखते हुए टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने मोर्चा संभाल लिया है। उन्होंने बागियों को पार्टी से निकालने की धमकी भी दी है।

Abhishek Banerjee- India TV Hindi
Image Source : PTI अभिषेक बनर्जी

कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में इस बार मुर्शिदाबाद में दिलचस्प मुकाबला होने के आसार हैं। टीएमसी (तृणमूल कांग्रेस) के पूर्व नेता हुमायूं कबीर ने अपनी एक नई पार्टी बनाकर ममता के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है। मुर्शिदाबाद में टीएमसी की अंदरूनी कलह अब खुलकर सामने आ गई है। इस कलह को दूर करने के लिए टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने मोर्चा संभाल दिया है। रविवार को नौदा विधानसभा क्षेत्र में उन्होंने बागियों को सख्त चेतावनी दी और पार्टी से बाहर करने की धमकी भी दी।

पार्टी के अंदर भीतरघात का खतरा?

दरअसल, तृणमूल कांग्रेस ने नौदा विधानसभा क्षेत्र से शाहिना मुमताज को मैदान में उतारा है और इसी बात से ब्लॉक प्रेसिडेंट सफीउद्दीन शेख नाखुश हैं। पार्टी के अंदरूनी सूत्रों के मुताबिक कार्यकर्ताओं का एक गुट उम्मीदवार के चयन से खुश नहीं है। ऐसे में पार्टी के अंदर भीरतघात का खतरा मंडरा रहा है। अभिषेक बनर्जी ने आज अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं और सपोर्टर्स को तृणमूल के साथ रहने की चेतावनी दी। उन्होंने सख्त हिदायत दी कि वे चुपके से हुमायूं कबीर का सपोर्ट न करें। और अगर कोई पार्टी की जानकारी के बिना ऐसी कोई घटना करता है, तो अभिषेक बनर्जी ने आने वाले दिनों में उसे पार्टी से निकालने की धमकी भी दी।

अभिषेक बनर्जी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को याद दिलाया कि यह समय आपसी मतभेद को भूलकर संगठित रहने का है। उन्होंने जोर देकर कहा कि चुनाव चिन्ह जोड़ा फूल ही सर्वोपरि है और उम्मीदवार कोई भी हो, जीत पार्टी की होनी चाहिए।