1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. बंगाल चुनाव रिजल्टः आरजी कर रेप-मर्डर पीड़िता की मां जहां से चुनाव लड़ रही हैं, वहां से कौन चल रहे आगे?

बंगाल चुनाव रिजल्टः आरजी कर रेप-मर्डर पीड़िता की मां जहां से चुनाव लड़ रही हैं, वहां से कौन चल रहे आगे?

कोलकाता के RG Kar Medical College and Hospital में जिस युवती के साथ रेप हुआ था और जिसकी हत्या कर दी गई थी, उसकी मां रत्ना देबनाथ पानीहाटी सीट से आगे चल रही हैं। वह बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ रही हैं।

बीजेपी उम्मीदवार रत्ना देबनाथ - India TV Hindi
Image Source : ELECTION COMMISSION बीजेपी उम्मीदवार रत्ना देबनाथ

कोलकाताः पश्चिम बंगाल के रुझानों में बीजेपी की सरकार बनती दिख रही है। बीजेपी ने इस चुनाव में आरजी कर रेप-मर्डर पीड़िता की मां रत्ना देबनाथ को भी टिकट दिया था। रत्ना देबनाथ ने भी मजबूती से चुनाव लड़ा और अब विधायक बनने जा रही हैं। रत्ना अपने निकतम प्रतिद्वंद्वी टीएमसी उम्मीदवार से काफी आगे चल रही हैं। देबनाथ की चिकित्सक बेटी की अगस्त 2024 में कोलकाता के सरकारी आर.जी.कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में बलात्कार के बाद हत्या कर दी गई थी।

पानीहाटी में बीजेपी जीत की ओर बढ़ाया कदम

चुनाव आयोग की तरफ से जारी रुझानों के अनुसार,  आरजी कर रेप पीड़िता की मां और बीजेपी उम्मीदवार रत्ना देबनाथ उत्तरी 24 परगना के पानीहाटी विधानसभा क्षेत्र में आगे चल रही हैं। पानीहाटी सीट पश्चिम बंगाल चुनाव में सबसे ज़्यादा ध्यान खींचने वाली सीटों में से एक बन गई है, जहां देबनाथ का मुकाबला TMC उम्मीदवार तीर्थंकर घोष से है, जो पांच बार के मौजूदा विधायक के बेटे हैं। यह क्षेत्र दमदम लोकसभा सीट के अंतर्गत आता है और इसमें पानीहाटी नगर पालिका के वार्ड 1–14, 16, 17 और 22 शामिल हैं। 

पानीहाटी में चुनाव प्रचार के दौरान रत्ना देबनाथ ने अपनी बेटी और महिलाओं की सुरक्षा के नाम पर चुनाव लड़ा। चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने कहा था कि टीएमसी सरकार में महिलाएं खतरे में हैं। उन्होंने कहा था कि ममता बनर्जी और उनकी पार्टी के नेता मेरी बेटी की मौत के लिए ज़िम्मेदार हैं। प्रचार के दौरान उन्होंने कहा था कि मैंने अपनी बेटी को खो दिया, लेकिन मैं लोगों की सेवा करना चाहती हूं और उनकी मदद करना चाहती हूं। पानीहाटी में महिला सुरक्षा सबसे बड़ा मुद्दा बनकर उभरी। 

बंगाल में सरकार बना सकती है बीजेपी

 चुनाव आयोग के रुझानों के मुताबिक, बंगाल में बीजेपी 190 से ज्यादा सीटों पर आगे चल रही है। वहीं, टीएमसी 90 से ज्यादा सीटों पर आगे है। रुझान अगर नतीजों में बदलते हैं तो बीजेपी बंगाल में पहली बार अपने दम पर सरकार बना सकती है। मतगणना के रुझानों में बीजेपी के बढ़त बनाने के बीच पार्टी के उत्साहित कार्यकर्ताओं ने कोलकाता में उसके प्रदेश मुख्यालय के बाहर जश्न मनाया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तस्वीरें लिए पार्टी कार्यकर्ताओं ने 'जय श्री राम' के नारे लगाए और नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी के समर्थन में और सत्तारूढ़ तृणमूल के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाईं और राहगीरों को भी मिठाइयां बांटीं।