1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026: मालतीपुर सीट पर कौन मारेगा बाजी? जानें सियासी समीकरण

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026: मालतीपुर सीट पर कौन मारेगा बाजी? जानें सियासी समीकरण

मालतीपुर में टीएमसी के लिए जहां इस सीट को बचाना बड़ी चुनौती होगी वहीं बीजेपी का पूरा प्रयास होगा कि इस सीट पर कमल खिले। वहीं कांग्रेस और सीपीएम भी पूरा जोर लगा रही है।

Maltipur Assembly Seat- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV मालतीपुर विधानसभा सीट

मालतीपुर: मालतीपुर विधानसभा क्षेत्र मालदा ज़िले के उत्तरी हिस्से में स्थित है। परिसीमन के बाद वर्ष 2011 में यह विधानसभा सीट अस्तित्व में आई थी। यह आमतौर पर मुस्लिम बहुल सीट मानी जाती है। इस समुदाय की हिस्सेदारी 60 प्रतिशत से अधिक है। 2026 के विधानसभा चुनाव में ममता की टीएमसी ने अब्दुर रहीम बॉक्सी को चुनाव मैदान में उतारा है जबकि कांग्रेस ने मासूम नूर को टिकट दिया है। वहीं बीजेपी ने आशीष दास पर दांव चला है जबकि सीपीएम ने मिनारुल हुसैन को चुनाव मैदान में उतारा है।

टीएमसी ने धीरे-धीरे जड़ें जमाई

मालतीपुर की राजनीति में विचारधाराओं के टकराव के बजाय, समुदाय के प्रति वफ़ादारी और स्थानीय नेताओं का ही ज़्यादा बोलबाला रहता है। ममता बनर्जी की अगुवाई वाली टीएमसी ने यहां धीरे-धीरे अपनी पकड़ मज़बूत की है। इसके पीछे सरकारी कल्याणकारी योजनाओं और ज़मीनी स्तर पर लोगों को एकजुट करने की रणनीति का अहम योगदान रहा है। BJP ने भी 2021 में यहां अपनी पैठ बनाने की कोशिश की थी, लेकिन अभी तक सफलता नहीं मिल पाई है।

जनसंख्या का समीकरण

2024 में इस विधानसभा क्षेत्र में 247,229 रजिस्टर्ड वोटर थे, जो 2021 के 231,907 वोटर्स की तुलना में अधिक थे। मतदाताओं में अनुसूचित जातियों की हिस्सेदारी लगभग 7.39 प्रतिशत और अनुसूचित जनजातियों की हिस्सेदारी 5.02 प्रतिशत है। वोटर टर्नआउट हमेशा ज़्यादा रहा है है। वर्ष 2011 में 83.61%, 2016 में 80.45%, और 2021 में 80.03% वोटर टर्न आउट रहा जबकि 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान यह घटकर 73.32% रह गया।

2021 विधानसभा चुनाव के नतीजे

वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार अब्दुल रहीम बॉक्सी ने जीत हासिल की थी। उन्होंने बीजेपी उम्मीदवार मौसमी दास को हरा दिया था। अब्दुल रहीम बॉक्सी को 1,26,157 वोट मिले थे जबकि मौसमी दास को मात्र 34,208 वोट ही मिले थे। कांग्रेस उम्मीदवार अल्बरूनी जुल्करनैन को 19,827 वोट मिले थे।

2016 विधानसभा चुनाव के नतीजे

वर्ष 2016 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने यह सीट जीती थी। कांग्रेस उम्मीदवार अल्बरूनी जुल्करनैन ने आरएसपी उम्मीदवार अब्दुर रहीम बॉक्सी को हरा दिया था। अल्बरूनी जुल्करनैन को कुल 50,643 वोट मिले थे जबकि अब्दुर रहीम बॉक्सी को 48,043 वोट हासिल हुए थे। वहीं तृणमूल कांग्रेस के डॉ. मोहम्मद मोअज्जाम हुसैन तीसरे स्थान पर रहे।  उन्हें 39,947 वोट मिले थे।

पश्चिम बंगाल में कब होंगे चुनाव?

बता दें कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव दो चरण में कराए जाएंगे। पहले फेज में 23 अप्रैल को और दूसरे फेज में 29 अप्रैल को वोटिंग होगी। चुनाव नतीजे 4 मई 2026 को घोषित किए जाएंगे। इस चुनाव में जहां एक तरफ टीएमसी के लिए फिर से सत्ता को बरकरार रखने की चुनौती है, वहीं बीजेपी के लिए सत्ता पर काबिज होने का मौका है। टीएमसी चीफ ममता बनर्जी ने चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है, वहीं बीजेपी भी अपने स्टार प्रचारकों के जरिए चुनाव प्रचार अभियान में पूरा जोर लगा रही है।