Dum Dum Assembly Elections 2026: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है और राजनीतिक दल उनके नेता जोर-शोर से चुनाव प्रचार कर रहे हैं। आपको बता दें कि पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को होना है, जबकि मतगणना 4 मई को होगी। इस चुनाव में सबसे प्रमुख हॉट सीटों में दम दम का भी नाम है जिसपर राजनीतिक दलों और जनता सभी की नजरें हैं। ऐसे में आइए जानते हैं कि क्या है दम दम विधानसभा सीट का सियासी समीकरण और किनके बीच है कांटे का मुकाबला।
दम दम सीट के बारे में जानिए
दम दम विधानसभा सीट पश्चिम बंगाल की 294 विधानसभा सीटों में से एक हैं और राज्य के उत्तर 24 परगना जिले का हिस्सा है। दम दम विधानसभा का निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक 114 है। दम दम एक सामान्य श्रेणी की विधानसभा सीट है जो कि एससी या एसटी वर्ग के लिए आरक्षित नहीं है। ये सीट दम दम लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा है। ये सीट बीते 3 विधानसभा चुनाव से तृणमूल कांग्रेस के पास है। तृणमूल के ब्रात्या बसु साल 2011, 2016 और 2021 में इस सीट से जीत हासिल कर चुके हैं।
जानकारी के अनुसार, साल 2024 में दम दम विधानसभा सीट पर रजिस्टर्ड वोटर्स की संख्या 256,146 थी। यहां अनुसूचित जाति के वोटर्स 12 फीसदी से भी ज्यादा है। ये पूरी तरह से एक शहरी सीट है। तृणमूल कांग्रेस इस सीट पर जीत की हैट्रिक लगा चुकी है। हालांकि, बीते कुछ समय में भाजपा ने दम दम सीट पर अपने वोट में काफी बढ़ोतरी की है। ऐसे में तृणमूल कांग्रेस को इस सीट को बचाने के लिए मेहनत करनी पड़ सकती है।
कौन-कौन हैं उम्मीदवार?
साल 2026 के पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव में दम दम सीट पर मुख्य मुकाबला तृणमूल कांग्रेस, भाजपा, CPIM और कांग्रेस के बीच है। तृणमूल कांग्रेस ने एक बार फिर से इस सीट पर ब्रात्या बसु को चुनाव मैदान में उतारा है। भारतीय जनता पार्टी ने दम दम से अरिजीत बख्शी, CPIM ने मयूख बिस्वास और कांग्रेस ने सुस्मिता बिस्वास को चुनाव मैदान में उतारा है।
आपको बता दें कि दम दम विधानसभा सीट पर वोटिंग पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 29 अप्रैल को आयोजित कराई जाएगी। चुनाव का परिणाम अन्य 293 सीटों के साथ ही 4 मई को जारी किया जाएगा।
बीते चुनाव का परिणाम
साल 2021 में हुए पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में दम दम विधानसभा सीट पर तृणमूल कांग्रेस के ब्रात्या बसु ने जीत हासिल की थी। ब्रात्या बसु को चुनाव में 87,999 यानी 47.48 प्रतिशत वोट मिले थे। दूसरे नंबर पर भारतीय जनता पार्टी के प्रो. बिमल शंकर नंदा रहे थे जिन्हें 61,268 यानी 33.06 फीसदी वोट मिले थे। वहीं, सीपीआई(एम)के पलाश दास 30,653 यानी 16.54 फीसदी वोटों के साथ तीसरे नंबर पर रहे थे। 2021 में विधानसभा चुनाव में दम दम विधानसभा सीट पर 74.75 प्रतिशत वोटिंग हुई थी।