पूर्व बर्धमान: पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्धमान जिले के मंगलकोट ब्लॉक के निगनग्राम में बुधवार को एक अनोखा दृश्य देखने को मिला। बंगाल में बीजेपी की जीत के बाद अपनी पुरानी प्रतिज्ञा पूरी करते हुए बीजेपी कार्यकर्ता जितेंद्रनाथ ने सिर मुंडवा लिया। इस घटना को लेकर इलाके में काफी चर्चा हो रही है।
पहले टीएमसी में थे, बाद में ज्वाइन की बीजेपी
निगनग्राम निवासी जितेंद्रनाथ सर कभी तृणमूल कांग्रेस के सक्रिय कार्यकर्ता थे। उनका दावा है कि 2016 विधानसभा चुनाव में मंगलकोट से तृणमूल प्रत्याशी सिद्दीकुल्ला चौधरी की जीत में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उस समय ब्लॉक अध्यक्ष के तौर पर केष्ट मंडल के करीबी अपूर्व चौधरी सक्रिय थे।
बाद में वर्ष 2020 में बीजेपी नेता शिशिर घोष के नेतृत्व में उन्होंने बीजेपी का दामन थाम लिया। बीजेपी में शामिल होने के बाद से राजनीतिक कारणों से उन्हें कई झूठे मामलों में फंसाए जाने का आरोप भी उन्होंने लगाया। उनका दावा है कि उनके घर में तोड़फोड़ भी की गई और परिस्थितियों के कारण उन्हें कई वर्षों तक घर छोड़कर रहना पड़ा।
जितेंद्रनाथ सर ने बताया कि उन्होंने संकल्प लिया था कि यदि बंगाल में बीजेपी सत्ता में आती है, तो वह सिर मुंडवाएंगे। अब उसी प्रतिज्ञा को पूरा करने के लिए उन्होंने यह कदम उठाया।
उनके इस फैसले को लेकर परिवार और स्थानीय लोगों के बीच मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिली। हालांकि, जितेंद्रनाथ सर का कहना है कि उन्होंने अपने राजनीतिक विश्वास और प्रतिज्ञा के प्रति प्रतिबद्धता दिखाने के लिए यह कदम उठाया है।
विधानसभा चुनाव में मिली बीजेपी को प्रचंड जीत
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बीजेपी को प्रचंड जीत मिली है। बीजेपी ने इस चुनाव में 208 सीटें हासिल की हैं और तृणमूल कांग्रेस ने 80 सीटें जीती हैं। इस चुनाव में बीजेपी की जीत के बाद शुभेंदु अधिकारी राज्य के सीएम बने हैं। वह भी पहले तृणमूल कांग्रेस के नेता थे लेकिन बाद में बीजेपी में शामिल हो गए थे। (रिपोर्ट- बिज्जू मंडल)