A
  1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. बंगाल चुनाव रिजल्टः जिस जगह पर जजों को बनाया गया था बंधक, वहां पर कौन चल रहा आगे?

बंगाल चुनाव रिजल्टः जिस जगह पर जजों को बनाया गया था बंधक, वहां पर कौन चल रहा आगे?

West Bengal Election Result 2026: मोथाबाड़ी में बीजेपी काफी ज्यादा अंतर से आगे चल रही है। यह वही इलाका है जहां पर तीन महिला जजों समेत सात न्यायिक अधिकारियों को भीड़ ने कई घंटे तक बंधक बना लिया था।

मतगणना करते चुनाव अधिकारी- India TV Hindi
Image Source : PTI मतगणना करते चुनाव अधिकारी

मालदाः पश्चिम बंगाल में मतगणना जारी है। चुनाव आयोग की तरफ से जारी रुझानों में बीजेपी की सरकार बनती दिख रही है। रुझानों में टीएमसी गठबंधन को भारी नुकसान होता दिख रहा है। सुप्रीम कोर्ट की तरफ से नियुक्त न्यायिक अधिकारियों (जज) को जिस मोथाबाड़ी में भीड़ ने बंधक बना लिया था। वहां पर कौन सी पार्टी चुनाव जीत सकती है। उसके बारे में हम आपको डिटेल्स में बताएंगे।

 मोथाबाड़ी में बीजेपी चल रही है आगे

चुनाव आयोग की तरफ से जारी रुझानों में मोथाबाड़ी विधानसभा सीट से बीजेपी आगे चल रही है। बीजेपी उम्मीदवार निबारन घोष (NIBARAN GHOSH) टीएमसी प्रत्याशी से काफी आगे चल रहे हैं। रुझानों के मुताबिक, बीजेपी मोथाबाड़ी से 4500 वोटों से आगे है। टीएमसी कैंडिडेट इस्लाम एम.डी. नजरुल काफी पीछे चल रहे हैं। कांग्रेस के संयम चौधरी (बाबू) तीसरे नंबर पर चल रहे हैं। 

मोथाबाड़ी में क्या हुआ था

मालदा जिले के मोथाबाड़ी में (कालियाचक-II ब्लॉक कार्यालय) में एक अप्रैल 2026 को एसआईआर के विरोध में भीड़ ने तीन महिला जजों समेत सात न्यायिक अधिकारियों को करीब 9 घंटे तक बंधक बना लिया था। इस मामले की जांच एनआईए कर रही है और मामले में 50 से ज्यादा आरोपी गिरफ्तार किए गए थे। भीड़ ने न्यायिक अधिकारियों को न सिर्फ बंधक बनाया था, बल्कि वाहनों में तोड़फोड़ और पत्थरबाजी भी की थी। इस मामले में टीएमसी, ISF और AIMIM से जुड़े 50 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया गया था। अभी सभी आरोपी 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में है। 

शुभेंदु अधिकारी का दावा- बीजेपी बनाएगी सरकार

वहीं, बंगाल में बीजेपी के नेताओं ने विधानसभा चुनाव में जीत का विश्वास जताते हुए कहा कि लोगों ने बदलाव के लिए मतदान किया है। विधानसभा की 293 सीट के लिए मतगणना सुबह आठ बजे शुरू हुई। तृणमूल लगातार चौथी बार सत्ता में लौटने की कोशिश कर रही है, जबकि भाजपा राज्य में पहली बार सरकार बनाकर इतिहास रचने की उम्मीद कर रही है। नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने दावा किया कि भाजपा राज्य में अगली सरकार बनाएगी। अधिकारी नंदीग्राम से फिर चुनाव जीतने की कोशिश में हैं और भवानीपुर में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को चुनौती दे रहे हैं। वहीं, भाजपा की पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने पार्टी की प्रचंड जीत का विश्वास जताया। खड़गपुर सदर से भाजपा के उम्मीदवार दिलीप घोष ने दावा किया कि लोगों ने बदलाव के लिए मतदान किया है।