फलता: पश्चिम बंगाल की जिस फलता विधानसभा सीट पर दोबारा चुनाव करवाए गए थे, उसके नतीजे रविवार को सामने आ गए। यहां से बीजेपी उम्मीदवार देवांग्शु पांडा 109021 वोटों से विजयी हुए और उन्हें कुल 149666 वोट मिले। वहीं दूसरे नंबर पर सीपीआईएम के शंभू नाथ कुर्मी रहे और उन्हें केवल 40645 वोट ही मिले। तीसरे नंबर पर कांग्रेस के अब्दुल रज्जाक मोल्ला रहे और उन्हें 10084 वोट ही मिले।
जहांगीर खान को कितने वोट मिले?
तमाम कैंडिडेट्स के बीच सबसे ज्यादा जिस कैंडिडेट की चर्चा रही, वे तृणमूल कांग्रेस के कैंडिडेट जहांगीर खान थे। ये वही जहांगीर खान हैं, जिन्होंने पुष्पा फिल्म के डायलॉग बोलकर चुनाव के दौरान माहौल बनाने की कोशिश की थी और धमकाने वाले अंदाज में बयान दिए थे। जहांगीर खान ने फलता सीट पर दोबारा मतदान से पहले ही मैदान छोड़ने की बात कही थी लेकिन ईवीएम में उनका नाम था इसलिए उन्हें भी कुछ वोट मिले। इस चुनाव में जहांगीर खान को महज 7783 वोट मिले।
पहले इस सीट पर टक्कर तृणमूल कांग्रेस बनाम बीजेपी की थी लेकिन नतीजों के बाद ये सामने आया कि बीजेपी उम्मीदवार देवांग्शु पांडा ने टीएमसी के जहांगीर खान को 141883 वोट से हराया।
जहांगीर खान ने चुनाव से वापस लिया था नाम
फलता सीट पर दोबारा चुनाव से पहले टीएमसी के उम्मीदवार जहांगीर ने अपना नाम वापस ले लिया था। इस पर तृणमूल कांग्रेस का बयान भी सामने आया था और उसने कहा था कि फलता विधानसभा सीट से जहांगीर खान के हटने का फैसला उनका निजी फैसला है, ये पार्टी का फैसला नहीं है।
IPS अजय पाल शर्मा को दी थी धमकी
TMC के जहांगीर खान ने फलता में दोबारा चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश के पुलिस अधिकारी और सेंट्रल ऑब्जर्वर अजय पाल शर्मा को खुली धमकी दी थी और कहा था कि खेल तुमने शुरु किया है, खत्म हम करेंगे। इतना ही नहीं जहांगीर खान ने ये तक कहा था कि CRPF को हवा में उड़ा कर रख देंगे।
जहांगीर खान ने पुष्पा स्टाइल में कहा था कि TMC वालों ने झुकना नहीं सीखा है। गौरतलब है कि पुष्पा साउथ की एक फिल्म का किरदार है, जिसके कई डायलॉग काफी फेमस हुए थे।
जहांगीर खान ने चुनाव प्रचार के दौरान अल्लू अर्जुन की फिल्म 'पुष्पा'का डायलॉग बोला था और कहा था कि 'पुष्पा राज… मैं झुकेगा नहीं।' लेकिन जब उन्होंने चुनाव से पीछे हटने का फैसला लिया तो विरोधियों ने उनका खूब मजाक बनाया था।