1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. किसानों को पश्चिम बंगाल सरकार का बड़ा तोहफा, बिजली पर प्रति यूनिट पर मिलेगी 2 रुपये की सब्सिडी

किसानों को पश्चिम बंगाल सरकार का बड़ा तोहफा, बिजली पर प्रति यूनिट पर मिलेगी 2 रुपये की सब्सिडी

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने किसानों को पश्चिम बंगाल के करीब 4 लाख किसानों को बिजली पर सब्सिडी देने का ऐलान किया है। अब हर किसान को बिजली पर प्रति यूनिट 2 रुपये की सब्सिडी दी जाएगी।

पश्चिम बंगाल सरकार ने...- India TV Hindi
Image Source : PTI (फाइल फोटो) पश्चिम बंगाल सरकार ने किसानों के लिए बड़ा ऐलान किया है।

पश्चिम बंगाल के सीएम शुभेंदु अधिकारी ने किसानों को बड़ा तोहफा देने का ऐलान कर दिया है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने आज (शुक्रवार को) कहा कि उनकी सरकार बंगाल के लगभग 4 लाख किसानों को बिजली पर प्रति यूनिट 2 रुपये की सब्सिडी देगी। मुख्यमंत्री अधिकारी ने ये बात पूर्व बर्दवान जिले में एक प्रशासनिक समीक्षा बैठक में कही है। जानें सीएम अधिकारी ने क्या-क्या कहा है।

पीएम-किसान योजना तहत अब 6 नहीं, मिलेंगे पूरे 9 हजार रुपये

मुख्यमंत्री अधिकारी ने आगे कहा कि पश्चिम बंगाल के किसानों को पीएम-किसान योजना के अंतर्गत 6 हजार रुपये की जगह 9 हजार रुपये की मदद दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार उस सारे धान की खरीद करेगी जो किसान बेचना चाहते हैं। साथ ही, धान के लिए सरकार 2 हजार 700 रुपये प्रति क्विंटल का न्यूनतम समर्थन मूल्य भी सुनिश्चित करेगी।

हमारी सरकार में बिचौलियों के लिए जगह नहीं- अधिकारी

पश्चिम बंगाल सीएम अधिकारी ने पिछली सरकार पर किसानों के उत्पीड़न करने का आरोप लगाते हुए कहा कि बिचौलियों या एजेंटों के लिए अब कोई जगह नहीं होगी। हमारे विधायक किसानों के अभिभावक के तौर पर कार्य करेंगे। मुख्यमंत्री अधिकारी ने ये भी दोहराया कि पश्चिम बंगाल  सरकार चालू वित्त वर्ष में 1 लाख नौकरियां उपलब्ध कराएगी। साथ में, ये भी कहा कि भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी होगी।

हाल में आई थी सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए गुड न्यूज

इससे पहले, पश्चिम बंगाल में सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए अच्छी खबर आई थी। बताया गया था कि 15 अक्टूबर को अक्टूबर का वेतन और पेंशन मिलेगी। पश्चिम बंगाल सरकार के वित्त विभाग ने अक्तूबर, 2026 के वेतन और पेंशन भुगतान की तारीख जारी की थी। इसके लिए बीते 23 सितंबर को एक ज्ञापन भी जारी किया गया था।

15 अक्टूबर को आएगा पेंशन का पैसा

ज्ञापन के अनुसार, पश्चिम बंगाल सरकार के कर्मचारियों को अक्टूबर महीने की सैलरी 15 अक्टूबर 2026 को जारी की जाएगी। इसी तारीख को ग्रांट-इन-एड वेतन, पारिश्रमिक, स्टाइपेंड, मजदूरी और मानदेय का भी भुगतान होगा। इसके अलावा, पेंशन और फैमिली पेंशन का भुगतान भी 15 अक्टूबर को होगा। जहां पर भी लागू होगा, कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को बढ़े हुए महंगाई भत्ते यानी DA और महंगाई राहत यानी DR के साथ भुगतान होगा।

(इनपुट- भाषा)

ये भी पढ़ें- TMC के पूर्व MLA अजीत मैती पर गिरी गाज! 10 साल पुराने 15 लाख की रंगदारी मामले में किया गया गिरफ्तार