A
  1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. पश्चिम बंगाल: गोपीबल्लभपुर के TMC विधायक खगेंद्रनाथ महतो ने अपनी पार्टी को दिया झटका, वोटिंग से पहले BJP में शामिल हुए

पश्चिम बंगाल: गोपीबल्लभपुर के TMC विधायक खगेंद्रनाथ महतो ने अपनी पार्टी को दिया झटका, वोटिंग से पहले BJP में शामिल हुए

पश्चिम बंगाल में 23 अप्रैल को वोटिंग होने वाली है। लेकिन 22 अप्रैल को TMC विधायक खगेंद्रनाथ महतो ने पार्टी को बड़ा झटका दिया और बीजेपी में शामिल हो गए।

West Bengal- India TV Hindi
Image Source : ANI खगेंद्रनाथ महतो BJP में शामिल हुए

कोलकाता: पश्चिम बंगाल के गोपीबल्लभपुर निर्वाचन क्षेत्र से वर्तमान विधायक डॉ खगेंद्र नाथ महतो भाजपा में शामिल हो गए हैं। इस अवसर पर पश्चिम बंगाल विधानसभा के विपक्ष के नेता और नंदीग्राम एवं भाबनीपुर विधानसभा क्षेत्रों से भाजपा के उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी भी मौजूद रहे।

मिली जानकारी के मुताबिक, झाड़ग्राम से गोपीबल्लभपुर के विधायक खगेंद्रनाथ महतो को तृणमूल कांग्रेस से टिकट नहीं मिला था। इसलिए वह नाराज चल रहे थे और उन्होंने आखिरी समय पर बीजेपी ज्वाइन की।

सुवेंदु अधिकारी का सामने आया बयान

पश्चिम बंगाल विधानसभा के विपक्ष के नेता और नंदीग्राम एवं भाबनीपुर विधानसभा क्षेत्रों से भाजपा के उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी ने कहा, "हमें उम्मीद है कि पहले चरण का चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होगा। राज्य में भाजपा के लिए जनसमर्थन की लहर चल रही है। मैं डॉक्टर खगेंद्र नाथ महतो का पार्टी में स्वागत करता हूं।"

पश्चिम बंगाल में कब से हैं चुनाव?

पश्चिम बंगाल में 23 और 29 अप्रैल को विधानसभा चुनाव हैं, जिसके लिए वोटिंग होगी। नतीजे 4 मई को आएंगे। गौरतलब है कि यहां 294 सीटों पर चुनाव हो रहा है। 

इस बार के चुनाव में मुख्य मुकाबला टीएमसी और बीजेपी के बीच है। सीपीआईएम और कांग्रेस भी कांटे की टक्कर में है। अब देखना ये होगा कि पश्चिम बंगाल की जनता किसे सत्ता की चाबी सौंपती है।

राज्य में टीएमसी की सरकार है और ममता बनर्जी प्रमुख नेता हैं। टीएमसी के आगे सत्ता को बरकरार रखने की चुनौती है, वहीं बीजेपी के लिए ये पश्चिम बंगाल की सत्ता में आने का मौका है। दोनों ही पार्टियों ने इस चुनाव के लिए धुआंदार प्रचार किया है। एक तरफ बीजेपी ने अपने स्टार प्रचारकों के साथ-साथ बड़े नेताओं की रैलियां की हैं, वहीं ममता बनर्जी ने अपने अंदाज में पश्चिम बंगाल के वोटरों को लुभाने की कोशिश की है। देखना ये होगा कि जनता किसे जीत का स्वाद चखाती है।