पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने बड़ा ऐलान किया है। राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने केंद्र सरकार के निर्देश को लागू करते हुए शनिवार को कोलकाता में स्थित राज भवन का नाम बदलकर ‘लोक भवन’ कर दिया।
राज भवन कहलाएगा अब लोक भवन
एक आधिकारिक अधिसूचना में कहा गया है, 'गृह मंत्रालय के 25.11.2025 के पत्र के अनुरूप, यह अधिसूचित किया जाता है कि कोलकाता के ‘राज भवन’, फ्लैगस्टाफ हाउस और दार्जिलिंग में स्थित राज भवन परिसरों का नाम संशोधित करके ‘लोक भवन’ कर दिया गया है।'
लोक भवन राज्यपाल का आधिकारिक आवास और कार्यालय
अधिसूचना में कहा गया है कि यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा। राज भवन, जिसे अब लोक भवन नाम दिया गया है, राज्यपाल का आधिकारिक आवास और कार्यालय है। अब इसे लोक भवन के नाम से ही जाना जाएगा।
राज्यपाल ने एक्स पर दी जानकारी
राज्यपाल बोस ने इसकी जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी दी है। राज्यपाल ने एक्स पर लिखा, 'तत्कालीन राजभवन, कोलकाता द्वारा 'लोक राजभवन' की संकल्पना लोगों की आवश्यकताओं, उनकी आकांक्षाओं और आशाओं, उनकी समस्याओं और चुनौतियों के प्रति जागरूक बनाने की इच्छा से प्रेरित थी।
आधिकारिक लेटरहेड पर भी लिखा होगा लोक भवन
गवर्नर हाउस के एक अधिकारी ने कहा, 'आधिकारिक लेटरहेड पर भी 'राज भवन' की जगह 'लोक भवन' लिखा होगा। इसके साथ ही गेट और वेबसाइट पर लगी नेम प्लेट भी बदली जाएंगी।' (भाषा के इनपुट के साथ)