1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. अष्टमी की रात गढ़ जंगल में मिला युवक का शव, श्यामरूपा मंदिर के पास रहस्यमय हालात में हुई बरामदगी

अष्टमी की रात गढ़ जंगल में मिला युवक का शव, श्यामरूपा मंदिर के पास रहस्यमय हालात में हुई बरामदगी

दुर्गापुर स्थित गढ़ जंगल में अष्टमी की रात श्यामरूपा मंदिर के पास 33 वर्षीय युवक का शव फंदे से लटकता मिला। मृतक की पहचान लक्ष्मीराम मांडी के रूप में हुई है, जो रविवार शाम से लापता था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Durgapur Garh Jungle dead body case- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT दुर्गापुर गढ़ जंगल में युवक का शव

पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर स्थित गढ़ जंगल में एक युवक का फंदे से लटकता शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के गले में लाल कपड़ा लिपटा हुआ था। उसने लाल धोती और सफेद गंजी पहन रखी थी। बताया जा रहा है कि श्यामरूपा मंदिर के पास मिले शव के घुटने मुड़े हुए थे और पैर जमीन को छू रहे थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल, युवक की मौत की वजह स्पष्ट नहीं है। शव की इस रहस्यमय स्थिति को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। 

डांगाल इलाके का निवासी था मृतक

मृत युवक की पहचान लक्ष्मीराम मांडी (33) के रूप में हुई है। मृतक कांकसा ब्लॉक की बनकाटी ग्राम पंचायत के डांगाल इलाके का निवासी था। अष्टमी की रात हुई इस घटना को लेकर इलाके में हड़कंप मच गया है।

रविवार शाम से लापता था युवक

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, रविवार शाम के बाद से ही लक्ष्मीराम अचानक लापता हो गया था। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिवार के सदस्य चिंतित हो गए। इसके बाद उन्होंने परिचितों के घरों और आसपास के विभिन्न इलाकों में उसकी तलाश शुरू की, लेकिन गुमशुदा युवक का कोई सुराग नहीं मिला।

जंगल में मिला शव

सोमवार को श्यामरूपा मंदिर के पास जंगल में स्थानीय लोगों ने एक युवक का शव फंदे से लटकता हुआ देखा। पास जाकर शव की पहचान होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल कांकसा के मलानदिघी पुलिस फांड़ी को इसकी सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए दुर्गापुर महकमा अस्पताल भेज दिया गया।

आत्महत्या या मौत के पीछे कोई और वजह? जांच में जुटी पुलिस

फिलहाल, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक ने आत्महत्या की है या उसकी मौत के पीछे कोई अन्य कारण है। शव की परिस्थितियों को देखते हुए मामले को लेकर रहस्य बना हुआ है। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

(रिपोर्ट- बीजू मंडल)

ये भी पढ़ेंः अंधविश्वास का खौफनाक अंत! तांत्रिक के चक्कर में बेटे ने की पिता और पत्नी की निर्मम हत्या, मंदिर में काटा सिर