1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. मस्जिदों से लाउडस्पीकर हटाने पर गरमाई बंगाल की सियासत, शुभेंदु अधिकारी से मिले मुर्शिदाबाद के 2 सांसद

मस्जिदों से लाउडस्पीकर हटाने पर गरमाई बंगाल की सियासत, शुभेंदु अधिकारी से मिले मुर्शिदाबाद के 2 सांसद

पश्चिम बंगाल में मस्जिदों से लाउडस्पीकर हटाने का मुद्दा राजनीतिक विवाद बन गया है। मुर्शिदाबाद और जंगीपुर के सांसदों ने मुख्यमंत्री से कार्रवाई रोकने की अपील की और इसे लेकर चिंता जताई। उन्होंने SIR से जुड़े लंबित मामलों में तेजी की मांग भी की। इससे पहले सांसदों ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी मुद्दा उठाया था।

West Bengal Loudspeaker Controversy, Murshidabad Mosque Loudspeakers- India TV Hindi
Image Source : PTI FILE मुर्शिदाबाद के सांसदों ने लाउडस्पीकर के मुद्दे पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात की है।

Highlights

  • मुर्शिदाबाद के सांसदों ने मस्जिदों से लाउडस्पीकर हटाने की कार्रवाई रोकने की मांग की।
  • सांसदों ने SIR न्यायाधिकरणों में लंबित मामलों पर सरकार से हस्तक्षेप मांगा।
  • दोनों सांसद अमित शाह से भी मिलकर लाउडस्पीकर हटाने का मुद्दा उठा चुके हैं।

कोलकाता: पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के 2 सांसदों ने शनिवार को राज्य सचिवालय नबान्न में मुख्यमंत्री से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मस्जिदों से लाउडस्पीकर हटाए जाने को लेकर चिंता जताई और सरकार से इस कार्रवाई पर रोक लगाने की अपील की। मुर्शिदाबाद से सांसद अबू ताहिर खान और जंगीपुर से सांसद खलीलुर रहमान ने बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत की। अबू ताहिर खान ने आरोप लगाया कि राज्य में मुसलमानों को निशाना बनाया जा रहा है। खान ने कहा, 'मस्जिदों से लाउडस्पीकर हटाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। बंगाल में मुसलमानों को निशाना बनाया जा रहा है। कृपया इसे रोका जाए। हमें नमाज अदा करने की इजाजत दी जानी चाहिए।'

‘अदालत के निर्देशों का पालन हो, लेकिन...’

जंगीपुर के सांसद खलीलुर रहमान ने कहा कि अदालत के निर्देशों का पालन किया जाना चाहिए, लेकिन मस्जिदों से लाउडस्पीकर हटाने की कार्रवाई उचित नहीं है। उन्होंने कहा,

'अदालत के निर्देशों का निश्चित रूप से पालन किया जाना चाहिए, लेकिन मस्जिदों से लाउडस्पीकर हटाना सही नहीं है। हमने सरकार से इस मामले पर गौर करने का अनुरोध किया है।'

2024 में तृणमूल कांग्रेस के टिकट पर मुर्शिदाबाद से लगातार दूसरी बार लोकसभा चुनाव जीतने वाले अबू ताहिर खान ने आरोप लगाया कि मस्जिदों से लाउडस्पीकर हटाने के मामले में राज्य पुलिस 'जरूरत से ज्यादा सक्रिय' हो रही है। खान ने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री से मस्जिदों से लाउडस्पीकर हटाने की कार्रवाई रोकने की अपील की है।

SIR के लंबित मामलों पर भी हस्तक्षेप की मांग

दोनों सांसदों ने मुलाकात के दौरान मुस्लिम बहुल मुर्शिदाबाद जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR से जुड़े न्यायाधिकरणों में बड़ी संख्या में लंबित मामलों का मुद्दा भी उठाया। खान के मुताबिक, कई ऐसे वास्तविक मतदाता हैं, जिनके नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं और वे अब न्यायाधिकरण के फैसले का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन मामलों में देरी का असर लोगों के रोजमर्रा के जरूरी कामों पर पड़ रहा है। खान ने कहा,

'कई वास्तविक मतदाता, जिनके नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं, वे न्यायाधिकरण के फैसले का इंतजार कर रहे हैं। देरी के कारण पासपोर्ट सत्यापन, जमीन का पंजीकरण और सरकारी कल्याण योजनाओं का लाभ लेने में दिक्कतें आ रही हैं। हमने राज्य सरकार से सुनवाई में तेजी लाने और प्रक्रिया 31 दिसंबर तक पूरी करने का अनुरोध किया है।'

अमित शाह से भी उठा चुके हैं लाउडस्पीकर का मुद्दा

मस्जिदों से लाउडस्पीकर हटाए जाने का मुद्दा दोनों सांसद इससे पहले केंद्र सरकार के सामने भी उठा चुके हैं। वहीं, विधायक नौशाद सिद्दिकी ने भी इस मुद्दे को जोरशोर से उठाया है। गुरुवार को अबू ताहिर खान, खलीलुर रहमान और मुर्शिदाबाद जिले के एक अन्य सांसद यूसुफ पठान ने दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। इस बैठक में भी उन्होंने पश्चिम बंगाल में मस्जिदों से लाउडस्पीकर हटाए जाने का मुद्दा उठाया था। इस तरह मुर्शिदाबाद के सांसदों ने अब राज्य सरकार के साथ-साथ केंद्र के सामने भी यह मुद्दा रखा है। वहीं, SIR से जुड़े लंबित मामलों में तेजी लाने और 31 दिसंबर तक प्रक्रिया पूरी करने की मांग भी उनके एजेंडे में रही।

ये भी पढ़ें: राजस्थान में मस्जिदों-मदरसों पर बुलडोजर एक्शन पर SC ने लगाई अंतरिम रोक, मौलाना मदनी बोले- कानूनी लड़ाई जारी रहेगी