West Bengal Repolling: बंगाल में दो सीटों के 15 बूथों पर दोबारा मतदान हुआ, 90 फीसदी मतदाताओं ने डाला वोट
West Bengal के साउथ 24 परगना में दो सीटों की 15 पोलिंग बूथों पर Repolling हुई। यहां 90 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया।

West Bengal Repoll 2026: पश्चिम बंगाल में सियासी पारा हाई है। दो चरणों की वोटिंग के बाद पार्टियां अपनी-अपनी जीत का दावा कर रही हैं, तो इस बीच पश्चिम बंगाल में 15 बूथों पर दोबारा मतदान कराया गया। इस दौरान 90 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। चुनाव आयोग ने साउथ परगना जिले की मगराहाट वेस्ट और डायमंड हार्बर, इन दोनों सीटों के 15 मतदान केंद्रों पर फिर से मतदान कराने का आदेश दिया था। मगराहाट वेस्ट के 11 और डायमंड हार्बर के 4 पोलिंग बूथों पर फिर वोट डाले गए।
दरअसल, चुनाव आयोग को 77 पोलिंग सेंटर्स पर री-पोल कराने की रिक्वेस्ट मिली थी। आरोप था कि कुछ बूथों पर EVM से छेड़छाड़ की गई है और कुछ जगह EVM में गड़बड़ी की शिकायत थी, जिसे लेकर इलेक्शन ऑब्जर्वर्स की रिपोर्ट आने के बाद चुनाव आयोग ने साउथ परगना जिले की 2 सीटों पर फिर से मतदान कराने का आदेश दिया। इन 15 बूथों पर सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक वोटिंग हुई।
डायमंड हार्बर में 4 पोलिंग बूथों पर री-पोलिंग हुई। इसमें बूथ नंबर- 117, बूथ नंबर- 179, बूथ नंबर- 194 और बूथ नंबर- 243 शामिल हैं। वहीं, मगराहाट वेस्ट में 11 पोलिंग बूथों पर पुनर्मतदान हुआ। इनमें बूथ नंबर- 46, बूथ नंबर- 126, बूथ नंबर- 127, बूथ नंबर- 128, बूथ नंबर- 142, बूथ नंबर- 214, बूथ नंबर- 215, बूथ नंबर- 216, बूथ नंबर- 230, बूथ नंबर- 231 और बूथ नंबर- 232 हैं। पश्चिम बंगाल में इससे पहले भी 90 फीसदी से ज्यादा मतदान हुआ था और दोबारा वोटिंग होने पर भी 90 फीसदी मतादाओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
Live updates : West Bengal Repolling
-
May 02, 2026 6:13 PM (IST) Posted by Shakti Singh
सभी 15 बूथों पर मतदान खत्म
चुनाव आयोग ने शाम 6 बजे तक मतदान की बात कही थी। शाम 5 बजे तक 87 फीसदी से ज्यादा मतदाता वोट डाल चुके थे। शाम 6 बजे मतदान की प्रक्रिया खत्म हो गई। हालांकि, मतदान के अंतिम आंकड़े अब तक जारी नहीं हुए हैं।
-
May 02, 2026 6:11 PM (IST) Posted by Shakti Singh
शाम 5 बजे तक 87 फीसदी वोटिंग
पश्चिम बंगाल की जिन दो सीटों के 15 बूथ पर दोबारा मतदान हो रहा है। वहां, शाम 5 बजे तक 87 फीसदी से ज्यादा वोटिंग हुई। मगराहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में लगभग 86.11% और डायमंड हार्बर विधानसभा क्षेत्र में 87.60% वोटिंग हुई।
-
May 02, 2026 5:19 PM (IST) Posted by Shakti Singh
अभिषेक बनर्जी ने बीजेपी पर लगाए आरोप
टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी ने बीजेपी पर आरोप लगाते हुए कहा कि बीजेपी सेंट्रल फोर्स के जरिए हमारी महिलाओं को धमकाने की कोशिश कर रही है। हर गांव, गली में उन्होंने महिलाओं पर हमला किया। बच्चों को भी नहीं छोड़ा। मीडिया का एक खास हिस्सा भी उनकी मदद कर रहा है। दीदी ने सभी कार्यकर्ताओं को लगातार लड़ने के लिए बधाई दी। आने वाले दिनों में पार्टी उन लोगों को इनाम देगी जिन्होंने CAPF की क्रूरता का सामना किया। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के खिलाफ CAPF की क्रूरता को हाईलाइट किया। हम जीत रहे हैं और 200+ सीटों से जीत रहे हैं। एग्जिट पोल स्टॉक मार्केट को मैनिपुलेट करने की कोशिश के अलावा कुछ नहीं हैं, उन्होंने 2021, 2024 में किया और अब कर रहे हैं।
-
May 02, 2026 4:35 PM (IST) Posted by Shakti Singh
दोपहर 3 बजे तक 72 फीसदी से ज्यादा मतदान
दोपहर तीन बजे तक मगराहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में लगभग 72.50% और डायमंड हार्बर विधानसभा क्षेत्र में 72.36% वोटिंग हुई है। इन दोनों सीटों के कुल 15 बूथों पर मतदान हो रहा है। मतदान की प्रक्रिया शाम 6 बजे तक जारी रहेगी। इसके बाद ईवीएम स्ट्रांग रूम में रख दिए जाएंगे और 4 मई को सुबह आठ बजे से वोटों की गिनती शुरू होगी।
-
May 02, 2026 3:57 PM (IST) Posted by Shakti Singh
वोटों की गिनती के लिए 242 नए ऑब्जर्वर तैनात
पश्चिम बंगाल में वोटों की गिनती सही तरीके से सुनिश्चित करने के लिए 242 नए ऑब्जर्वर तैनात किए गए हैं। इनमें 165 मतगणना पर्यवेक्षक और 77 पुलिस पर्यवेक्षक शामिल हैं।
-
May 02, 2026 3:39 PM (IST) Posted by Shakti Singh
फाल्टा में दोबारा मतदान की मांग
पश्चिम बंगाल की दो विधानसभा सीटों पर मतदान के दौरान गड़बड़ी की शिकायतें मिली थीं। इसके बाद 15 बूथ पर दोबारा वोटिंग हो रही है। बीजेपी ने वोटिंग से पहले टीएमसी कार्यकर्ताओं पर मतदाताओं को धमकाने का आरोप लगाया। इसके साथ ही दक्षिण 24 परगना के फाल्टा में दोबारा मतदान की मांग की।
-
May 02, 2026 3:29 PM (IST) Posted by Shakti Singh
दिव्यांग महिला नहीं कर पाई वोट
साउथ 24 परगना के एक पोलिंग बूथ पर एक दिव्यांग महिला वोटर अपना वोट नहीं डाल सकी क्योंकि उसकी देखभाल करने वाली मां को कथित तौर पर पोलिंग बूथ में अंदर जाने से मना कर दिया गया था। पोलिंग स्टेशन पर एक व्यक्ति ने कहा, "उसके परिवार से किसी को भी पोलिंग बूथ के अंदर जाने की इजाजत नहीं थी। जब मैं अंदर गया, तो ऑफिसर ने कहा कि यह काम नहीं करेगा और जब पूछा गया कि दिव्यांग व्यक्ति अपना वोट कैसे डालेगा, तो उन्होंने कहा कि ऐसे में उनका वोट नहीं लिया जाएगा। तो फिर सरकार ने उसका वोटर ID और आधार कार्ड क्यों बनाया?"
-
May 02, 2026 2:25 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi
दोपहर 1 बजे तक 55.57 प्रतिशत हुआ मतदान
पश्चिम बंगाल के 15 पोलिंग बूथों पर दोपहर 1 बजे तक 55.57 प्रतिशत मतदान हो गया है। मगराहट पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में लगभग 56.33 प्रतिशत और डायमंड हार्बर विधानसभा क्षेत्र में 54.6 फीसदी मतदान दर्ज किया गया।
-
May 02, 2026 1:55 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi
और बूथों पर होना चाहिए था पुनर्मतदान- मजूमदार
पश्चिम बंगाल चुनाव पुनर्मतदान पर केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने कहा कि मुझे लगता है कि यह संख्या (15 बूथ) बहुत कम है और फलता पर अभी तक कोई फैसला नहीं आया है। वहां, टीएमसी की तरफ से कई ईवीएम बटनों से छेड़छाड़ की गई है। खैर, मतदान जल्दी समाप्त होने दें और 4 मई को जनता का फैसला आने दें, यही सबसे महत्वपूर्ण बात है।
-
May 02, 2026 12:57 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi
पुनर्मतदान में सुबह 11 बजे तक 37.06 हुई वोटिंग
पश्चिम बंगाल के पुनर्मतदान में लोग बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। सुबह 11 बजे तक मगराहट पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में करीब 38.2 प्रतिशत और डायमंड हार्बर विधानसभा क्षेत्र में 35.92 फीसदी वोटिंग दर्ज की गई। दोनों सीटों का औसत देखें तो 37.06 प्रतिशत वोटिंग हो चुकी है।
-
May 02, 2026 12:17 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi
पुनर्मतदान को लेकर BJP नेत्री का TMC पर निशाना
BJP नेत्री कीया घोष ने कहा, "जहां भी टीएमसी ने वोटिंग में धांधली, बूथ कैप्चरिंग या ईवीएम में गड़बड़ी करने का प्रयास किया, वहां पुनर्मतदान की मांग उठाई गई। चुनाव आयोग ने पुनर्मतदान का इंतजाम किया है। हालांकि, इससे एक बात साफ हो जाती है, यह पश्चिम बंगाल की वास्तविक स्थिति, खासतौर से इस इलाके में लोकतंत्र की स्थिति को उजागर करता है। पश्चिम बंगाल में ऐतिहासिक रूप से वोट की चोरी, बूथ जामिंग और बूथ धांधली जैसे काम व्यापक रूप से होते रहे हैं।"
-
May 02, 2026 11:16 AM (IST) Posted by Vinay Trivedi
पोलिंग बूथ नंबर 243 पर EVM खराब होने का दावा
दक्षिण 24 परगना के डायमंड हार्बर निर्वाचन क्षेत्र के रॉयनगर प्राइमरी स्कूल में बने पोलिंग बूथ नंबर 243 पर एक वोटर ने दावा किया कि ईवीएम में खराबी के कारण वे आधे घंटे से अधिक वक्त से इंतजार कर रहे हैं। वहीं, एक अन्य वोटर ने कहा कि हमें बताया गया है कि मशीन कुछ ग्लिच है जो सही होने के बाद वोटिंग फिर से शुरू होगी।
-
May 02, 2026 11:04 AM (IST) Posted by Vinay Trivedi
पोलिंग बूथों पर गड़बड़ी के कारण हो रहा पुनर्मतदान- BJP प्रत्याशी
मोगराहाट पश्चिम से बीजेपी उम्मीदवार Goursundar Ghosh का दावा है कि मोगराहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के 230, 231 और 232, इन तीन पोलिंग बूथों पर गड़बड़ी होने का आरोप लगा था। इस वजह से ही यहां पुनर्मतदान किया जा रहा है। इसके अलावा, बीजेपी प्रत्याशी का एक और भी आरोप है कि गांव में वोटर्स को डराया भी गया था।
-
May 02, 2026 10:14 AM (IST) Posted by Vinay Trivedi
सुबह 9 बजे तक डायमंड हार्बर में 15.83% मतदान
पश्चिम बंगाल में पुनर्मतदान हो रहा है। सुबह 9 बजे तक मगराहट पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के पोलिंग बूथों पर 16.68 फीसदी और डायमंड हार्बर विधानसभा क्षेत्र में मतदान केंद्रों पर 15.83 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई है।
-
May 02, 2026 9:48 AM (IST) Posted by Vinay Trivedi
पुनर्मतदान के लिए TMC नेता ने BJP को ठहराया जिम्मेदार
टीएमसी की नेता शशि पांजा ने आरोप लगाया कि बीजेपी ने पश्चिम बंगाल में मतदान के दौरान जानबूझकर अशांति फैलाने की कोशिश की, ताकि कई बूथों पर दोबारा मतदान कराया जा सके और पश्चिम बंगाल को बदनाम किया जा सके। पश्चिम बंगाल की मंत्री और टीएमसी उम्मीदवार शशि पांजा, श्यामपुकुर सीट से बीजेपी उम्मीदवार पूर्णिमा चक्रवर्ती के खिलाफ चुनाव लड़ रही हैं।
-
May 02, 2026 9:01 AM (IST) Posted by Vinay Trivedi
BJP ने किया पुनर्मतदान का स्वागत
BJP ने पुनर्मतदान के चुनाव आयोग के निर्णय का वेलकम करते हुए कहा है कि दोनों विधानसभा सीटों के ज्यादा बूथों पर वोटिंग होनी चाहिए। दूसरी तरफ, टीएमसी ने पुनर्मतदान के लिए BJP को जिम्मेदार ठहराते हुए इसे पश्चिम बंगाल को 'बदनाम' करने की एक रणनीति बताया है।
-
May 02, 2026 8:24 AM (IST) Posted by Vinay Trivedi
उपद्रवियों को रोकने के लिए RAF तैनात
पश्चिम बंगाल में पुनर्मतदान के लिए दक्षिण 24 परगना जिले के मगराहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में भारी संख्या में सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं, जहां सुबह 7 बजे से पुनर्मतदान शुरू हो चुका है। मतदान प्रक्रिया के दौरान किसी भी तरह की बाधा को रोकने के लिए पोलिंग बूथों के पास रैपिड एक्शन फोर्स तैनात की गई है।
-
May 02, 2026 7:58 AM (IST) Posted by Vinay Trivedi
CRPF के जवान ने की वोटर की मदद
पश्चिम बंगाल चुनाव पुनर्मतदान हो रहा है। दक्षिण 24 परगना जिले के डायमंड हार्बर विधानसभा क्षेत्र में बागदा जूनियर हाई स्कूल के बूथ नंबर 117 पर एक सीआरपीएफ जवान छड़ी के सहारे चल रहे एक मतदाता की मदद करता नजर आया।
-
May 02, 2026 7:34 AM (IST) Posted by Kajal Kumari
मतदान करने के लिए घरों से निकले लोग
हरिदेवपुर प्राइमरी स्कूल स्थित मतदान केंद्र, बूथ नंबर 194 के बाहर वोट डालने के लिए लोगों की लंबी लाइन नजर आ रही है।
देखें वीडियो
-
May 02, 2026 7:05 AM (IST) Posted by Vinay Trivedi
मगराहाट वेस्ट और डायमंड हार्बर में पुनर्मतदान शुरू
दक्षिण 24 परगना की दो सीटों पर मगराहाट वेस्ट और डायमंड हार्बर में पुनर्मतदान शुरू हो गया है। मगराहाट वेस्ट के 11 मतदान केंद्रों पर रिपोलिंग हो रही है। वहीं, डायमंड हार्बर के 4 पोलिंग बूथों पर दोबारा वोट डाले जा रहे हैं। सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान जारी रहेगा।
-
May 02, 2026 6:53 AM (IST) Posted by Vinay Trivedi
डायमंड हार्बर सीट पर BJP Vs TMC में कड़ी टक्कर
डायमंड हार्बर सीट पर भी चुनावी जंग कड़ी है। यहां BJP ने उम्मीदवार के रूप में दीपक कुमार हलधर को उतारा है। वहीं,TMC के पन्नालाल हलधर उन्हें टक्कर दे रहे हैं। यहां कुछ बूथों पर EVM से छेड़छाड़ के आरोप लगे थे। इसके अलावा, कुछ जगहों पर EVM में गड़बड़ी की शिकायत मिली थी। वोटिंग के दौरान मिली शिकायतों पर EC ने एक्शन लिया है और पुनर्मतदान का आदेश दिया।
-
May 02, 2026 6:37 AM (IST) Posted by Vinay Trivedi
मगराहाट वेस्ट में है त्रिकोणीय के मुकाबला
मगराहाट वेस्ट में, जहां 11 पोलिंग बूथों पर पुनर्मतदान हो रहा है, वहां त्रिकोणीय मुकाबला है। यहां बीजेपी से गौरसुंदर घोष, TMC की तरफ से शमीम अहमद मुल्ला और ISF की ओर से अब्दुल अजीज अल हसन उम्मीदवार हैं।