1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. पश्चिम बंगाल: आसनसोल में हंगामा, उपद्रवियों ने पुलिस चौकी में तोड़फोड़ और पथराव किया, वाहनों को भी पहुंचाया नुकसान

पश्चिम बंगाल: आसनसोल में हंगामा, उपद्रवियों ने पुलिस चौकी में तोड़फोड़ और पथराव किया, वाहनों को भी पहुंचाया नुकसान

पश्चिम बंगाल के आसनसोल में उपद्रवियों ने जमकर हंगामा किया है और एक पुलिस चौकी पर हमला कर दिया है। उपद्रवियों ने पुलिस चौकी में न केवल पथराव और तोड़फोड़ की बल्कि वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया।

West Bengal - India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT पुलिस चौकी में तोड़फोड़ और पथराव

आसनसोल: पश्चिम बंगाल के आसनसोल जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां धार्मिक स्थलों पर लगे लाउडस्पीकर पर आवाज कम करने को लेकर हुए विवाद में समुदाय विशेष के लोगों भीड़ ने पुलिस चौकी के सामने हंगामा कर दिया। उपद्रवियों ने पुलिस चौकी और पुलिसकर्मियों पर पथराव किया और पुलिस चौकी में जमकर तोड़फोड़ की।

उपद्रवियों ने पुलिस चौकी के बाहर खड़ी गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचाया और आसपास की गलियों में भी खड़ी कई गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई। उपद्रवियों को खदेड़ने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल को बुलाया पड़ा, तब जाकर हालात काबू में आए। इलाके में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल पश्चिम बंगाल के सीएम शुभेंदु अधिकारी के निर्देश के बाद आसनसोल के जहांगिरी मोहल्ला की पुलिस चौकी के पुलिसकर्मी रेलपार इलाके में रह रहे मुस्लिम और हिंदू समाज के लोगों को धार्मिक स्थलों पर लाउडस्पीकर की आवाज कम करने का प्रशासनिक मैसेज देने पहुंचे थे। इसके बाद इलाके के मंदिरों और मस्जिदों में बैठक चल रही थी।

इसी बीच स्थिति तब अचानक तनावपूर्ण हो गई, जब समुदाय विशेष के असामाजिक तत्व भारी संख्या में जहांगिरी मोहल्ला पुलिस चौकी पहुंच गए और पथराव शुरू कर दिया। उपद्रवियों ने पुलिस चौकी में जमकर हंगामा किया और अंदर रखे सारे सामान में तोड़फोड़ कर दी। उपद्रवियों ने आसपास के इलाके में भी तोड़फोड़ की।

घटना की सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और हालात को काबू में किया। फिलहाल पूरे इलाके में पुलिस तैनात है और हालात पर नजर रखी जा रही है। साथ ही उपद्रव करने वालों की पहचान कर उन पर एक्शन की तैयारी हो रही है।

टियर गैस के गोले दागने पड़े

उपद्रवियों को काबू में करने के लिए पुलिस ने टियर गैस के गोले दागे। आसनसोल पुलिस फौरन एक्शन में आई और उपद्रवियों को खदेड़ा। अब शहर में हालात सामान्य हैं। पूरे इलाके में पुलिस और सुपरक्षाबल गश्त लगा रहे हैं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। सभी उपद्रवियों के खिलाफ एक्शन लिया जाएगा।

पुलिस चौकी के सामने हंगामा और तोड़फोड़ के बाद आसनसोल के टीएमसी और कांग्रेस के पार्षद भी मौके पर पहुंचे और लोगों से शांति बनाए रखने की बात की। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील भी की। (रिपोर्ट- बिज्जू मंडल)