साउथ दमदम: पश्चिम बंगाल से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। साउथ दमदम म्युनिसिपैलिटी के तृणमूल कांग्रेस के काउंसलर संजय दास का लटकता हुआ शव बरामद हुआ है। उनका शव नॉर्थ 24 परगना जिले के दमदम इलाके में उनके ही घर के अंदर से मिला।
शव को दमदम नागरबाजार इलाके के एक प्राइवेट हॉस्पिटल ले जाया गया है। सूत्रों के मुताबिक, वह राजरहाट गोपालपुर विधानसभा की पूर्व MLA अदिति मुंशी के पति थे और तृणमूल नेता देवराज चक्रवर्ती के करीबी थे।
सूत्रों के मुताबिक, राज्य में सरकार बदलने के बाद से वह कुछ मेंटल स्ट्रेस में थे। आज शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में बीजेपी को प्रचंड जीत मिली है और बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी राज्य के सीएम बने हैं। वहीं टीएमसी को इस चुनाव में हार का सामना करना पड़ा है और वह विपक्ष में है। इस चुनाव में बीजेपी ने 207 सीटें जीती हैं, वहीं तृणमूल कांग्रेस ने 80 सीटें ही हासिल की हैं। चुनाव के नतीजे सामने आने के बाद तृणमूल के कार्यकर्ता लंबे समय से रोष में हैं। ऐसे में तृणमूल कांग्रेस के काउंसलर संजय दास का शव बरामद होने से सियासी गलियारों में एक बार फिर हड़कंप मच गया है।
हालही में सीएम शुभेंदु का बयान भी सामने आया था और उन्होंने कहा था, "तृणमूल कांग्रेस ने हमारे कार्यकर्ताओं पर जो अत्याचार किए हैं, उन्हें नहीं भूला हूं। पुलिस को पूर्व में हुए राजनीतिक अपराधों के लिए प्राथमिकी दर्ज करने के लिए कहा गया है।"
इसके अलावा पश्चिम बंगाल में शुभेंदु अधिकारी की सरकार बनने के बाद बुलडोजर की कार्रवाई शुरू हो गई थी। राज्य के प्रमुख रेलवे स्टेशनों- हावड़ा और सियालदह के आस-पास बुलडोजर कार्रवाई हुई थी। इसको लेकर मंत्री दिलीप घोष कहा था कि जहां भी अवैध निर्माण या अतिक्रमण होगा, वहां बुलडोजर का इस्तेमाल किया जाएगा।