1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. पश्चिम बंगाल: एनकाउंटर स्पेशलिस्ट IPS अजय पाल शर्मा को धमकी देने वाले जहांगीर खान कौन हैं? खुद को बताया "पुष्पा"

पश्चिम बंगाल: एनकाउंटर स्पेशलिस्ट IPS अजय पाल शर्मा को धमकी देने वाले जहांगीर खान कौन हैं? खुद को बताया "पुष्पा"

आईपीएस अजय पाल शर्मा को खुली चेतावनी देने वाले जहांगीर खान सुर्खियों में हैं। ऐसे में लोग जानना चाहते हैं कि आखिर जहांगीर खान कौन हैं?

Jahangir Khan- India TV Hindi
Image Source : JAHANGIR KHAN-AJAY PAL SHARMA/FACEBOOK जहांगीर खान ने IPS अजय पाल शर्मा को धमकी दी

कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए 29 अप्रैल को दूसरे चरण के लिए वोटिंग होनी है लेकिन वोटिंग से पहले एक नाम बेहद चर्चा में आ रहा है और वो है "जहांगीर खान"। दरअसल जहांगीर खान ने उत्तर प्रदेश के एनकाउंटर स्पेशलिस्ट पुलिस अधिकारी और बंगाल में पुलिस ऑब्जर्वर बनाए गए अजय पाल शर्मा को खुली धमकी दे डाली है। 

जहांगीर खान ने आईपीएस अजय पाल शर्मा को लेकर क्या कहा?

जहांगीर खान ने अजय पाल शर्मा पर तीखा हमला किया और कहा, "उन्होंने इस खेल की शुरूआत की है लेकिन खत्म हम करेंगे। पिक्चर अभी बाकी है मेरे दोस्त। अगर आप सोच रहे हो कि कुछ CRPF के जवानों के साथ आप बच जाओगे तो आप गलत हो। हमारे यहां लोग ही असली ताकत हैं, अगर लोग साथ चलने लगे तो CRPF को हटा कर रख देंगे अगर यहां के लोग पैदल चले तो CRPF के लोग हवा में उड़ जाएंगे।"

जहांगीर ने ये भी कहा था कि उसे पता है कि कैसे टाइट करना है और पुष्पा स्टाइल में कहा कि TMC वालों ने झुकना नहीं सीखा है। ऐसे में लोग जानना चाहते हैं कि आखिर जहांगीर खान कौन है?

कौन है जहांगीर खान?

जहांगीर खान दक्षिण 24 परगना की फाल्टा सीट से तृणमूल कांग्रेस (TMC) के उम्मीदवार हैं। चुनावी हलफनामे में उन्होंने अपनी संपत्ति लगभग 2.1 करोड़ रुपए बताई है। वह 41 साल के हैं और 12वीं क्लास तक पढ़े हैं। 

मिली जानकारी के मुताबिक, उनके खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है। ऐसे में लोग भी इस बात को लेकर सवाल उठा रहे हैं कि जब कोई आपराधिक बैकग्राउंड नहीं है तो जहांगीर खान कैसे एक पुलिस अधिकारी को धमका रहे हैं और क्यों पुलिस उनको लेकर अलर्ट मोड में है।

बीजेपी पश्चिम बंगाल के मुताबिक, "क्या आप जानते हैं कि जहांगीर खान कौन है? वह भाईपो का दाहिना हाथ है, जो उसके लिए चुनाव में धांधली करता है और बदले में हथियारों और गोला-बारूद, जमीन हड़पने, तस्करी, मानव तस्करी, हत्या और बांग्लादेशियों को बसाने जैसे अपराधों में लिप्त एक गिरोह चलाता है और इन सब के बदले भाईपो को उसका हिस्सा देता है। 2024 में, भाईपो को फाल्टा से 89% वोट मिले क्योंकि जहांगीर खान ने किसी को भी वोट नहीं डालने दिया। भाईपो उसे शौकत मोल्ला, जो एक गुंडा है, का मुकाबला करने के लिए तैयार कर रहा है!"