1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. घर खाली मिलते ही चोरों का धावा, एक ही मकान में तीन बार चोरी से मचा हड़कंप; CCTV में कैद हुई वारदात

घर खाली मिलते ही चोरों का धावा, एक ही मकान में तीन बार चोरी से मचा हड़कंप; CCTV में कैद हुई वारदात

रानीगंज स्थित बाउल हिड़ गांव में एक ही मकान में लगातार 3 बार चोरी होने से परिवार दहशत में है। घर से भगवान के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान गायब हैं। चोरी की वारदात CCTV कैमरे में कैद हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Raniganj Theft News- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT रानीगंज में चोरी की वारदात

घर खाली होने का फायदा उठाकर चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। एक बार नहीं, बल्कि लगातार तीन बार एक ही मकान को निशाना बनाए जाने से पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्दवान जिले में सनसनी फैल गई है। रानीगंज अंतर्गत एगारा पंचायत के बाउल हिड़ गांव में लगातार चोरी की घटनाओं से परिवार के सदस्य दहशत में हैं। वहीं, इलाके के लोगों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

आभूषण और नकदी लेकर फरार हुए चोर

परिवार के सदस्यों के अनुसार, घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था। इसी का फायदा उठाकर चोर घर में घुसे और कीमती सामान लेकर फरार हो गए। सुबह स्थानीय लोगों ने फोन कर परिवार को चोरी की जानकारी दी। इसके बाद जब परिवार के सदस्य घर पहुंचे तो देखा कि घर में रखे भगवान के आभूषण और नकदी गायब हैं। इसके अलावा कई अन्य कीमती सामान भी चोरी कर लिए गए हैं।

CCTV फुटेज में कैद हुई चोरी की वारदात

परिवार का दावा है कि घर में लगे CCTV कैमरे में चोरी की पूरी वारदात कैद हो गई है। कैमरे की फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान होने की उम्मीद जताई जा रही है। परिजनों का कहना है कि एक ही घर में लगातार तीन बार चोरी होने से वे काफी डरे हुए हैं।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की जानकारी मिलने के बाद रानीगंज थाना अंतर्गत बल्लभपुर पुलिस चौकी को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर चोरी में शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास कर सकती है।

बार-बार एक ही घर को क्यों बना रहे निशाना?

हालांकि, इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर एक ही घर को बार-बार चोर अपना निशाना कैसे बना रहे हैं? क्या चोरों को पहले से ही परिवार के घर से बाहर रहने की जानकारी थी या इसके पीछे कोई अन्य वजह है? लगातार तीन बार एक ही मकान में चोरी होने से इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। अब पुलिस जांच के बाद ही चोरी की घटनाओं के पीछे की असली वजह और इसमें शामिल लोगों की पहचान स्पष्ट हो पाएगी।

(इनपुट- बिज्जू मंडल)

ये भी पढ़ेंः पश्चिम बंगाल के बर्दवान में अंधेरे में हो रहा था गलत काम! पुल के पास गोवंश के अवशेष फेंके जाने की खबर