1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. पति की हत्या के आरोप में पत्नी गिरफ्तार, कोर्ट ले जाते समय बोली- "मैं बेगुनाह हूं"

पति की हत्या के आरोप में पत्नी गिरफ्तार, कोर्ट ले जाते समय बोली- "मैं बेगुनाह हूं"

कालना में मृतक के बेटे की शिकायत के आधार पर पुलिस ने पत्नी को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला ने अदालत ले जाते समय हत्या के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया।

पति की हत्या के आरोप...- India TV Hindi
Image Source : STRINGER INPUT पति की हत्या के आरोप में पत्नी गिरफ्तार

पूर्व बर्दवान के कालना में पति की हत्या के आरोप में पत्नी को गिरफ्तार किया है। इसके बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। एक दिन से लापता नस्कर शेख का शव केले के बागान से बरामद हुआ था। मृतक के बेटे द्वारा मां पर हत्या का आरोप लगाए जाने के बाद पुलिस द्वारा महिला को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया जाना था। कोर्ट ले जाते समय मामले ने उस वक्त नया मोड़ ले लिया जब आरोपी महिला ने खुद को बेगुनाह बताया। जानिए आखिर क्या है पूरा मामला। 

केले के बागान से बरामद किया शव

बता दें कि पति की हत्या के आरोप में पुलिस ने पत्नी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिला की पहचान हसीना बानो बीबी के रूप में हुई है। वह धात्रीग्राम पंचायत के कालीनगर इलाके की रहने वाली है। जानकारी के अनुसार, एक दिन से लापता रहने के बाद उसके पति नस्कर शेख का शव एक केले के बागान से बरामद किया गया। शव पर कई चोटों के निशान पाए गए, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई।

बेटे ने पिता की मौत का मां पर लगाया आरोप

मृतक नस्कर शेख के बेटे ने मां पर अपने पिता की हत्या का आरोप लगाया है। सोमवार को कालना अस्पताल पहुंचकर बेटे ने आरोप लगाते हुए कहा कि उसके पिता की मौत के पीछे उसकी मां का हाथ है। इस शिकायत के बाद पुलिस ने पहले से हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही हसीना बानो को सोमवार रात औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया।

महिला ने खुद पर लगे आरोपों को किया खारिज

मंगलवार को आरोपी महिला को कालना महकमा अदालत में पेश किया गया। हालांकि, अदालत ले जाते समय उसने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उसका अपने पति की हत्या से कोई संबंध नहीं है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हत्या के पीछे की असली वजह जानने का प्रयास कर रही है।

रिपोर्टर इनपुट: Biju Mandal

ये भी पढ़ें- TMC को दिल्ली में खाली करना पड़ सकता है ऑफिस, MP पार्थ भौमिक ने अभिषेक बनर्जी से कहा- 'मेरे आवास से दफ्तर खाली करो'