A
  1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. “कांग्रेस-लेफ्ट-TMC ने पश्चिम बंगाल को लूटा”, जोरासांको की चुनावी रैली में गरजे योगी

“कांग्रेस-लेफ्ट-TMC ने पश्चिम बंगाल को लूटा”, जोरासांको की चुनावी रैली में गरजे योगी

तृणमूल कांग्रेस पर हमला बोलते हुए सीएम योगी ने कहा कि पिछले 15 वर्षों में इस पार्टी ने राज्य को “कंगाल” बनाने का काम किया है। वहीं टीएमसी से पहले वाम दलों और कांग्रेस ने बंगाल को लूटने का काम किया।

Yogi Adityanath- India TV Hindi
Image Source : PTI योगी आदित्यनाथ, सीएम यूपी

West Bengal Assembly Election 2026: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पश्चिम बंगाल के जोरासांको विधानसभा क्षेत्र में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर जमकर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले कांग्रेस और फिर वामपंथी सरकारों ने बंगाल को लूटा। उसके बाद पिछले 15 साल से टीएमसी पश्चिम बंगाल को  कंगाल बनाने का प्रयास कर रही है।

बंगाल की अस्मिता से खिलवाड़ नहीं

योगी आदित्यनाथ ने चुनौती भरे लहजे में कहा कि बंगाल की अस्मिता के साथ कोई भी खिलवाड़ नहीं कर सकता। उन्होंने TMC पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य की पहचान काबा से नहीं माँ काली बाड़ी से है। उन्होंने कहा कि इसे बदलने की कोशिश करने वालों को जनता जवाब देगी।

कानून व्यवस्था के हालात पर उठाए सवाल

उन्होंने राज्य में कानून-व्यवस्था के हालात पर भी सवाल उठाए और आरोप लगाया कि यहां धार्मिक आयोजनों पर पाबंदियां लगाई जाती हैं और अराजकता का माहौल है। उन्होंने कहा-'क्या हो रहा है बंगाल में गौहत्या होती है। ..भगवान  राम के नाम से  चिढ़ है ममता दीदी को।"  योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश का उदाहरण देते हुए कहा कि अब यूपी में  “नो कर्फ्यू, नो दंगा, यूपी में है सब चंगा” की स्थिति है और माफिया पर कड़ी कार्रवाई की गई है।

यूपी में क्या होता है? योगी ने बताया

उन्होंने कहा कि जो भी कानून- व्यवस्था को चुनौती देता है, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होती है। योगी ने कहा- "माफिया या गुंडा जो कोई कहीं भी सर उठाता है तो बुलडोज़र उनकी हड्डी पसली को  हाईवे बनाने में उपयोग कर देता है।"
 
योगी आदित्यनाथ के इस बयान को बंगाल चुनाव में कानून-व्यवस्था और सांस्कृतिक पहचान के मुद्दों को लेकर बीजेपी की आक्रामक रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। बता दें कि पश्चिम बंगाल में दो चरणों में विधानसभा चुनावों के लिए वोटिंग होगी। पहले चरण में 23 अप्रैल को और दूसरे चरण में 29 अप्रैल को वोटिंग होगी।