1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. पश्चिम बंगाल: आसनसोल में सड़क से गुजर रहे युवक की गोली मारकर हत्या, वारदात सीसीटीवी में कैद

पश्चिम बंगाल: आसनसोल में सड़क से गुजर रहे युवक की गोली मारकर हत्या, वारदात सीसीटीवी में कैद

आसनसोल के नियामतपुर में राह चलते एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना को अंजाम देकर अपराधी फरार हो गए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

युवक की गोली मारकर हत्या- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT युवक की गोली मारकर हत्या

आसनसोलः आसनसोल के नियामतपुर में शुक्रवार रात में स्कूटी पर सवार दो युवकों ने नियामतपुर रहमान पाड़ा इलाके के रहने वाले जावेद बारी नाम के युवक की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देकर आरोपी आसानी से फरार हो गए। घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। 

जमीन विवाद में हुई हत्या

बताया जा रहा है कि मृतक जावेद आसनसोल नगर निगम के अंतर्गत आने वाले कुलटी बोरो ऑफिस में काम करता था। घटना की खबर सुनकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना स्थल पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। मृतक के परिजनों आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि घटना रात 10 बजे की है और जमीन विवाद को लेकर यह घटना हुई है। पुलिस अभी इस मामले की छानबीन कर रही है। 

नियामतपुर में बढ़ गए हैं अपराधियों के हौसले

बता दें कि नियामतपुर थाना अंतर्गत चिनाकुड़ी इलाके मे कुछ दिनों पहले ही एक युवक को इलाके के ही कुछ युवकों ने पीट पीटकर हत्या कर दी थी और उसका शव एक बंद पड़े स्वास्थ्य केंद्र के सामने फेंक दिया था। इसको लेकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़ा हो गया है।

 नियामतपुर के अलावा अगर आसनसोल की बात करें तो आसनसोल मे भी भगत सिंह मोड़ स्थित मीरा इंटरनेशनल होटल के मालिक अरबिंद भगत की दो अपराधियों ने बाइक से आकर होटल में कुछ प्रॉपर्टी डिलरों के साथ मीटिंग कर रहे होटल मालिक अरबिंद भगत को गोली मार कर हत्या कर दी थी और आसानी से बदमाश फरार हो गए थे। 

रिपोर्ट- बीजू मंडल