नई दिल्ली: मोदी सरकार के 1 साल होने को आए हैं क्या मोदी सरकार अपने वादों को पूरा करने में कामयाब रही है। मोदी सरकार के कामकाज पर इंडिया टीवी-सी वोटर का सर्वे किया जिसमें लोगों ने बताया कि वे सरकार के काम से खुश हैं या नहीं, देश में महंगाई कम हुई या नहीं और सरकार गरीब और किसान विरोधी है या नहीं।
इंडिया टीवी-सी वोटर द्वारा पूरे देश में करवाए गए इस सर्वेक्षण में कहा गया है कि प्रदर्शन के आधार पर विदेश मंत्री सुषमा स्वराज सभी केंद्रीय मंत्रियों से आगे हैं।
इंडिया टीवी द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की छवि को काफी नुकसान पहुंचा है तथा सर्वेक्षण में शामिल लोगों में से 78 फीसदी लोगों ने केंद्र सरकार से विवादित भूमि अधिग्रहण विधेयक को वापस लिए जाने की मांग की।"
क्षेत्रवार आंकड़ों पर गौर करें तो सर्वेक्षण में कहा गया है कि उत्तर भारत के 65 फीसदी, पश्चिम भारत के 52 फीसदी, पूर्वी भारत के 34 फीसदी और दक्षिणी भारत के 38 फीसदी लोगों ने स्वीकार किया कि मोदी की लोकप्रियता में गिरावट आई है।
केंद्रीय मंत्रियों में प्रदर्शन के आधार पर शीर्ष पर सुषमा स्वराज रहीं। उनके बाद दूसरे स्थान पर गृह मंत्री राजनाथ सिंह रहे। 50 फीसदी प्रतिभागियों ने राजनाथ सिंह के प्रदर्शन को अच्छा बताया।
इसी क्रम में तीसरे पायदान पर वित्त मंत्री अरुण जेटली हैं, जिनके प्रदर्शन को 49 फीसदी प्रतिभागियों ने अच्छा बताया।
मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी के प्रदर्शन को सिर्फ 44 फीसदी लोगों ने तथा परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के प्रदर्शन को मात्र 40 फीसदी लोगों ने अच्छा बताया।
Latest India News