A
Hindi News बिहार बिहार में 18 IPS अधिकारियों का हुआ ट्रांसफर, पटना के SSP अवकाश कुमार हटाए गए

बिहार में 18 IPS अधिकारियों का हुआ ट्रांसफर, पटना के SSP अवकाश कुमार हटाए गए

बिहार में 18 IPS अधिकारियों का ट्रांसफर हुआ है, जिसमें पटना के SSP अवकाश कुमार भी शामिल हैं। उनकी जगह 2014 बैच के पूर्णिया के एसपी कार्तिकेय के शर्मा को पटना का नया एसएसपी बनाया गया है।

18 IPS officers transferred- India TV Hindi Image Source : INDIA TV बिहार में IPS अधिकारियों का तबादला

पटना: बिहार में बड़े पैमाने पर आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। इस फैसले के दौरान पटना के SSP अवकाश कुमार को भी हटा दिया गया है। अवकाश कुमार को बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-1 पटना का समादेष्टा बनाया गया है, जबकि 2014 बैच के पूर्णिया के एसपी कार्तिकेय के शर्मा को पटना का नया एसएसपी बनाया गया है।

गृह विभाग की तरफ से तबादले की अधिसूचना जारी कर दी गई है। पटना के अपराध अनुसंधान विभाग के एसपी चंद्रशेखर प्रसाद को पटना का एसपी लॉ एंड ऑर्डर बनाया गया है। अशोक मिश्रा को पुलिस अधीक्षक (जी) विशेष शाखा, पटना, बिहार बनाया गया है।  शैशव यादव को सहायक पुलिस महानिरीक्षक (आधुनिकीकरण) पटना, बिहार की जिम्मेदारी दी गई है। विद्या सागर को पुलिस अधीक्षक ईआरएसएस पटना बिहार बनाया गया है और विनीत कुमार को पुलिस अधीक्षक जहानाबाद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

लिस्ट

बिहार में होने वाले हैं विधानसभा चुनाव

बिहार के सियासी गलियारों में इस वक्त काफी गहमागहमी है क्योंकि बिहार में विधानसभा चुनाव होने में कुछ ही महीने बाकी हैं। हालांकि अभी तारीखों का ऐलान नहीं हुआ है लेकिन अक्तूबर या नवंबर में इन चुनावों के होने की संभावना जताई जा रही है।

दरअसल ऐसा माना जा रहा है कि चुनाव आयोग दीवाली और छठ जैसे त्योहारों को ध्यान में रखकर चुनाव की तारीखें तय कर सकता है। ऐसे में इस बात का भी ध्यान रखना है कि बिहार विधानसभा का कार्यकाल 22 नवंबर 2025 को समाप्त हो रहा है, इसलिए उससे पहले चुनाव प्रक्रिया पूरी होनी आवश्यक है।

बिहार चुनाव से पहले इतने बड़े स्तर पर आईपीएस अधिकारियों का तबादला चर्चा का विषय बना हुआ है। इसमें सबसे ज्यादा चर्चा पटना के SSP अवकाश कुमार की हो रही है। पटना, राज्य की राजधानी है और चुनाव से पहले राजधानी का SSP बदल देना लोगों के गले से नीचे नहीं उतर रहा है।