A
  1. Hindi News
  2. बिहार
  3. 60 साल के स्कूल मैनेजर को 28 की टीचर से हुआ प्यार, नेपाल भागकर रचा ली शादी; गांव में तनाव

60 साल के स्कूल मैनेजर को 28 की टीचर से हुआ प्यार, नेपाल भागकर रचा ली शादी; गांव में तनाव

बिहार के मुजफ्फरपुर में एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां एक स्कूल संचालक ने अपनी ही स्कूल की टीचर से शादी रचा ली है। दोनों की उम्र में दोगुना का अंतर है। ऐसे में यह शादी चर्चा का विषय बनी हुई है।

नेपाल भागकर दोनों ने रचाई शादी।- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT नेपाल भागकर दोनों ने रचाई शादी।

​मुजफ्फरपुर: कहते हैं इश्क न उम्र देखता है और न ही मजहब। जी हां, बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के औराई थाना क्षेत्र से एक ऐसी ही प्रेम कहानी सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। एक निजी स्कूल के संचालक, जो चार बच्चों के पिता हैं, ने अपने ही स्कूल की शिक्षिका के साथ घर छोड़कर शादी रचा ली है। भगवान को साक्षी मानकर दोनों ने एक-दूसरे से शादी कर ली है। दोनों की मंदिर में माला पहनाते हुए एक तस्वीर भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।दोनों अलग-अलग समुदाय से हैं और उम्र में भी काफी अंतर बताया जा रहा था। ऐसे में दोनों की शादी इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।

पढ़ाते-पढ़ाते हुआ प्यार

​जानकारी के अनुसार, औराई निवासी राकेश शाह (60 वर्ष) इलाके में एक प्राइवेट स्कूल चलाते हैं। इसी स्कूल में 28 वर्षीय शाइस्ता परवीन शिक्षिका के तौर पर कार्यरत थीं। बच्चों को पढ़ाते-पढ़ाते दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और फिर दोनों में प्यार हो गया। बीती 18 फरवरी को दोनों अचानक लापता हो गए। चर्चा है कि दोनों ने नेपाल जाकर शादी कर ली है। इसके बाद शादी की फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। वायरल वीडियो में शाइस्ता ने अपनी मर्जी से शादी करने की बात कबूली है और कहा है कि वह अपनी जिंदगी में खुश है। उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं है। साथ ही उन्होंने अपने पति के परिवार को परेशान नहीं करने की अपील की है।

स्कूल संचालक के खिलाफ शिकायत

वहीं दूसरी ओर, शिक्षिका के भाई ने औराई थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। भाई का आरोप है कि स्कूल संचालक ने उसकी बहन को शादी और धर्म परिवर्तन की नीयत से अगवा किया है। प्राथमिकी में राकेश शाह की पत्नी, बेटी समेत सात लोगों को नामजद किया गया है। उनका कहना है कि 18 फरवरी को उनकी बहन को शादी के लिए अगवा किया गया। पुलिस को दी गई शिकायत में बहन की बरामदगी की गुहार लगाई गई है।

स्कूल पर लटका ताला

​दो अलग-अलग समुदायों से जुड़ा मामला होने के कारण गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। आरोपी स्कूल संचालक के घर और स्कूल पर ताला लटका हुआ है। एहतियात के तौर पर पुलिस गांव में लगातार गश्त कर रही है। औराई थानाध्यक्ष राजा सिंह ने बताया कि शिक्षिका के परिजनों ने थाने में आवेदन दिया है। वायरल वीडियो की जांच की जा रही है और युवती की बरामदगी के लिए छापेमारी जारी है। (इनपुट- संजीव कुमार)

यह भी पढ़ें-

दिल्ली: घर में आग लगने के बाद सिलेंडर में हुआ धमाका, दमकलकर्मी और पुलिसकर्मी सहित 13 लोग घायल