पटना: बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह को लेकर इस वक्त की बड़ी खबर है। अनंत सिंह को JDU से 6 सालों के लिए निष्कासित कर दिया गया है। इसके अलावा पार्टी ने उनकी विधानसभा सदस्यता भी रद्द करने की अनुशंसा की है। इसके अलावा अनंत सिंह की पत्नी पर भी गाज गिरी है और पार्टी ने पत्नी नीलम देवी को भी पार्टी से 6 सालों के लिए निष्कासित कर दिया है।
जेडीयू ने इस मामले पर क्या कहा?
जेडीयू ने अनंत सिंह के निष्कासन पर अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट किया है। जेडीयू ने कहा, "जद(यू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा के आदेशानुसार, मोकामा के विधायक अनंत कुमार सिंह के द्वारा पार्टी विरोधी गतिविधियों, पार्टी के दिशा-निर्देशों की अवहेलना एवं अभी संपन्न हुए विधान परिषद चुनाव में विरोधी दल के पक्ष में प्रचार करने तथा पार्टी के उम्मीदवार के विरुद्ध प्रचार करने के कारण जद(यू) की उनकी प्राथमिक सदस्यता रद्द की जाती है। साथ ही उचित प्रावधानों के तहत विधानसभा अध्यक्ष से इनकी विधान सभा सदस्यता रद्द करने की सिफारिश भी की गई है। इसके साथ ही, पूर्व विधानसभा सदस्य नीलम देवी को भी पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त होने के कारण उनकी प्राथमिक सदस्यता रद्द करते हुए अगले 6 वर्षों के लिए निष्कासित किया जाता है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।"
जेडीयू ने अपने आदेश में में क्या लिखा?
जेडीयू ने अपने आदेश में लिखा, "विगत कुछ दिनों से लगातार पार्टी के निर्देशों की अवहेलना करने, शीर्ष नेतृत्व के लिए अमर्यादित एवं अपमानजनक भाषा का प्रयोग करने तथा अभी-अभी सम्पन्न हुए विधान परिषद चुनाव में पार्टी के उम्मीदवार के विरुद्ध कार्य करने व दूसरे दल के उम्मीदवार के पक्ष में प्रचार करने के कारण अनंत कुमार सिंह, स.वि.स. (मोकामा) की पार्टी की प्राथमिक सदस्यता को तत्काल प्रभाव से रद्द करते हुए, उन्हें अगले छह (6) वर्षों के लिए जनता दल (यूनाइटेड) से निष्कासित किया जाता है। साथ ही, पार्टी माननीय अध्यक्ष, बिहार विधानसभा से भारतीय संविधान की दसवीं अनुसूची के तहत विधानसभा सदस्य के रूप में उनकी सदस्यता अविलंब रद्द करने हेतु अनुशंसा करती है। इसी के साथ श्रीमती नीलम देवी, पूर्व स.वि.स. की प्राथमिक सदस्यता भी दलविरोधी गतिविधियों में संलिप्त रहने के कारण रद्द की जाती है और उन्हें भी पार्टी से छह वर्षों के लिए निष्कासित किया जाता है।"
इससे पहले नीरज कुमार के हॉस्पिटल से डिस्चार्ज पर अनंत सिंह का बयान सामने आया था और उन्होंने कहा था कि पहले ही बोले 2 दिन में घूमकर आ जाएंगे।
ये भी पढ़ें-
'ई रसगुल्ला वाला इलेक्शन नहीं है', MLC चुनाव के बीच अनंत सिंह का बड़ा बयान; नीतीश कुमार को लेकर कही ये बात