1. Hindi News
  2. बिहार
  3. नीतीश कुमार के आवास के सामने वाली सड़क पर ताबड़तोड़ फायरिंग, एक युवक के पीठ तो दूसरे के पेट में लगी गोली; घटना CCTV में कैद

नीतीश कुमार के आवास के सामने वाली सड़क पर ताबड़तोड़ फायरिंग, एक युवक के पीठ तो दूसरे के पेट में लगी गोली; घटना CCTV में कैद

नीतीश कुमार के आवास के सामने वाली सड़क और बख्तियारपुर थाने से महज 50 मीटर की दूरी पर गोलीबारी हुई। इस घटना में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

फायरिंग की घटना सीसीटीवी में कैद- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT फायरिंग की घटना सीसीटीवी में कैद

बिहार की राजधानी पटना से सटे बख्तियारपुर में कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए बदमाशों ने दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग कर सनसनी फैला दी। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आवास के सामने वाली सड़क और बख्तियारपुर थाने से महज 50 मीटर की दूरी पर हुई इस गोलीबारी में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।

जानकारी के अनुसार, यह घटना बुधवार की है। पटना के बख्तियारपुर के देदौर गांव निवासी विशाल कुमार और अभिषेक कुमार गंगा किनारे सीढ़ी घाट पर आयोजित गंगा आरती में शामिल होने के बाद अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उन पर अचानक हमला बोल दिया और ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दीं।

बाइक को छोड़कर इलाज के लिए भागे युवक

फायरिंग में विशाल कुमार के पीठ में और अभिषेक कुमार के पेट में गोली लगी है। हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद दोनों युवकों ने हिम्मत दिखाई और अपनी बाइक वहीं छोड़कर किसी तरह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बख्तियारपुर पहुंचे। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए दोनों को बेहतर इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (PMCH) रेफर कर दिया है।

इस संवेदनशील वारदात के बाद पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आवास के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और अधिक बढ़ा दी गई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से एक खोखा और दो गोली बरामद हुई है।

हमलावरों की पहचान करने में जुटी पुलिस

पुलिस घटनास्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाल रही है। हमलावरों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक अरुण कुमार शाह अस्पताल पहुंचे और घायल युवकों का हालचाल जाना। उन्होंने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए स्पष्ट किया कि दोषियों की जल्द पहचान कर उन्हें किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। बख्तियारपुर में दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सबकी नजर पुलिस जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी पर टिकी है।

(रिपोर्ट- बिटु कुमार)

ये भी पढ़ें-

मां ने मांगे खाने के पैसे तो बेटे ने कर दी हत्या, मैदानगढ़ी में बेटे की हैवानियत से सनसनी, बॉडी ठिकाने लगाने जुटा

चोरी के शक में भीड़ बनी जज, हाथ-पैर बांधकर दी तालिबानी सजा, वीडियो वायरल हुआ तो जांच में जुटी पुलिस